छत्तीसगढ़ में राखड़ बांध फूटा… जेसीबी समेत समा गया ऑपरेटर… छह गांवों तक पहुंच गई राख
कोरबा में हसदेव ताप विद्युत संयंत्र का झाबू स्थित राखड़ बांध आज अचानक फूट गया। राखड़ और थोड़े पानी के सैलाब में एक क्रेन ऑपरेटर के जेसीबी समेत मलबे में गुम हो जाने की खबर है। कोरबा की मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार बांध फूटने के बाद राखड़ इस तरह निकली कि आसपास कि छह गांवों तक पहुंच गई। हादसा इतना भयावह था कि मौके पर मौजूद मजदूरों में अफरा-तफरी मच गई और प्रबंधन के हाथ-पांव फूल गए। विस्तृत जानकारी की प्रतीक्षा है।
मीडिया को प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि पश्चिमी राखड़ बांध के एक हिस्से में दबाव बढ़ा और देखते ही देखते राख का सैलाब फूट पड़ा। वहीं जेसीबी चला रहा ऑपरेटर कुछ समझ पाता, उससे पहले ही वह और मशीन राख के दलदल में समा गए। आसपास मौजूद कर्मचारियों ने बचाने की कोशिश की, लेकिन राख का दबाव इतना ज्यादा था कि सबको जान बचाकर भागना पड़ा।
हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। प्रबंधन और सुरक्षा अमला तत्काल मौके पर पहुंचा, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया, वहीं प्रशासनिक अधिकारियों को भी मामले की जानकारी दे दी गई है।
स्थानीय लोगों ने मीडिया के सामने आरोप लगाया कि राखड़ डेम की सुरक्षा व्यवस्था पहले से ही सवालों के घेरे में रही है, लेकिन बार-बार चेतावनी के बावजूद गंभीरता नहीं दिखाई गई।



