राजधानी में बाइक पर निकलीं दो हज़ार महिलाओं का घोष “मैं भारत हूँ”… महिला दिवस पर यह ऐतिहासिक रैली गिनीज़ रिकॉर्ड में

महिला दिवस पर राजधानी की महिलाओं की भव्य बाइक रैली ने रविवार को इतिहास रच दिया है। इस रैली में 2000 से अधिक महिलाओं ने हिस्सा लेकर राष्ट्रभक्ति और नारी शक्ति का शंखनाद किया। यह मातृशक्ति स्कूटी रैली ने “मै भारत हूं” थीम के साथ गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकार्ड नाम दर्ज कर दिया है। रैली का नेतृत्व महिला पुलिसकर्मियों के दस्ते ने किया। उनके जिसके पीछे हजारों की संख्या में तिरंगा लिए मातृशक्ति का सैलाब उमड़ पड़ा।

राजधानी में हुई इस रैली का विधिवत शुभारंभ माँ काली मंदिर से हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत सामूहिक वंदेमातरम् गान से की गई। अखिल भारतीय धर्मजागरण समंवय कार्यसमिति सदस्य राजेंद्र प्रसाद श्रीवास्तव एवं भाजपा महिला प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती विभा अवस्थी ने रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस आयोजन की सूत्रधार और संयोजिका डॉ. भारवि वैष्णव (धर्म जागरण समन्वय प्रांत) एवं सह-संयोजिका डॉ. अनामिका सिंह (स्त्री रोग विशेषज्ञ, पार्षद एवं MIC सदस्य, नगर निगम रायपुर) रहीं।

डॉ. भारवि वैष्णव ने आयोजन की सफलता पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि रायपुर की सड़कों पर उमड़ा मातृशक्ति का यह जनसैलाब प्रमाणित करता है कि भारतीय नारी के हृदय में राष्ट्र के प्रति समर्पण सर्वोपरि है। डॉ. अनामिका सिंह ने रैली के प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया। उन्होंने कहा कि एक चिकित्सक और जन प्रतिनिधि के रूप में मेरा मानना है कि महिला सशक्तीकरण तभी पूर्ण है, जब नारी मानसिक और सामाजिक रूप से सशक्त हो। आज की रैली ने सिद्ध कर दिया कि महिलाएं समाज की रक्षक और वाहक दोनों हैं।” उन्होंने अनुशासन बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन और स्वयंसेवकों का विशेष आभार व्यक्त किया।
आयोजन को लेकर डिप्टी विजय शर्मा ने कहा कि मातृशक्ति की यह अनुशासित भागीदारी समाज में राष्ट्रभक्ति की भावना को और प्रबल करेगी। धर्म जागरण समन्वय विभाग के अखिल भारतीय प्रमुख राजेंद्र सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि संगठित मातृशक्ति ही राष्ट्र की वास्तविक शक्ति और संस्कृति की संरक्षक है।
हाथों में तिरंगा और ‘भारत माता की जय’ के उद्घोष के साथ यह रैली शहर के प्रमुख मार्गों से होती हुई श्रीराम मंदिर, वीआईपी चौक पर संपन्न हुई। मार्ग में नागरिकों द्वारा पुष्पवर्षा कर भव्य स्वागत किया गया। श्रीराम मंदिर के उपाध्यक्ष सुनील रामदास जी एवं बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष डॉ. वर्णिका शर्मा ने भी आयोजन की सराहना की। समापन पर सभी ने राष्ट्र की एकता और अखंडता की शपथ ली।



