कारोबारी अनवर और पूर्व आईएएस टुटेजा दो अलग अलग मामलों में अरेस्ट… सीएसएमसीएल और डीएमएफ स्कैम में ईओडब्लू ने लिया एक्शन

छत्तीसगढ की एजेंसी आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो ने सोमवार को दो बड़ी कार्रवाइयां की हैं। एजेंसी ने सीएसएमसीएल ओवरटाइम भुगतान स्कैम में अनवर ढेबर को गिरफ्तार कर लिया। इसी तरह, डीएमएफ डीएमएफ स्कैम में एजेंसी ने पूर्व आईएएस अनिल टुटेजा की गिरफ्तारी की है। दोनों को ही पूर्व के मामलों के अलावा ये नए केस लगाए गए हैं और जेल से लाकर अरेस्टिंग कर कोर्ट में पेश किया गया और वापस न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
ईओडब्लू से मिली जानकारी के अनुसार अनवर ढेबर को अपराध क्रमांक 44/2024 के तहत अरेस्ट किया गया है। प्रकरण में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 (संशोधित 2018) की धारा 7बी एवं 8 तथा भारतीय दंड संहिता की धारा 120बी के तहत मामला दर्ज है।सीएसएमसीएलovertime payment scam ईडी की सूचना पर दर्ज हुआ था। मामले की शुरुआत 29 नवंबर 2023 को हुई, जब प्रवर्तन निदेशालय के रायपुर क्षेत्रीय कार्यालय के अधिकारियों ने तीन व्यक्तियों से 28.80 लाख रुपए नकद जब्त किए थे। इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई के लिए छत्तीसगढ़ शासन को सूचना भेजी गई थी। इसके आधार पर राज्य आर्थिक अपराध अन्वेषण एवं एंटी करप्शन ब्यूरो, रायपुर में एफआईआर दर्ज की गई।
इसी तरह, ईओडब्लू के अनुसार पूर्व आईएएस टुटेजा की गिरफ्तारी डीएमएफ स्कैम की विवेचना के दौरान प्राप्त महत्वपूर्ण डिजिटल साक्ष्य, दस्तावेज और विभिन्न व्यक्तियों के बयान के आधार पर की गई। जाँच में प्रथमदृष्टया यह सामने आया है कि पूर्व आईएएस ने DMF निधि से संबंधित विभिन्न कार्यों में अपने परिचित व्यक्तियों और फर्मों को काम दिलाकर लाभ दिलवाया।



