धान 5 और 6 फ़रवरी को भी खरीदा जाएगा… सीएम साय ने किसानों की ज़रूरत देखकर दो दिन बढ़ाए
छत्तीसगढ़ में धान दो दिन और खरीदा जाएगा। सीएम विष्णुदेव साय ने 5 और 6 फ़रवरी को किसानों से धान ख़रीदने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने प्रदेश में किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए धान खरीदी की प्रक्रिया में महत्वपूर्ण राहत दी है।
इन दो दिनों में तीन प्रकार के किसान धान विक्रय कर सकेंगे। पहला, ऐसे किसान, जिनके द्वारा 10 जनवरी 2026 के पश्चात टोकन हेतु आवेदन किया गया, किंतु सत्यापन नहीं हो पाया। दूसरा ऐसे किसान, जिनके द्वारा 10 जनवरी 2026 के पश्चात आवेदन किया गया तथा सत्यापन उपरांत उनके पास धान पाया गया है। इनके अलावा ऐसे किसान, जिन्हें 28 जनवरी, 29 जनवरी एवं 30 जनवरी को टोकन प्राप्त हुआ था, परंतु किसी कारणवश वे निर्धारित तिथि पर धान नहीं बेच पाए थे, वे भी इन दो दिनों में धान बेच पाएंगे। सीएम साय ने कहा कि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए बारदाना एवं हमालों की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए हैं।राज्य सरकार का यह निर्णय किसानों के प्रति संवेदनशीलता और उनकी उपज के सुरक्षित एवं सुचारु विक्रय के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।



