आज की खबर
फिंगेश्वर गुटीय संघर्ष में 6 पुलिसवाले घायल… विवाद शुरू करने के आरोप में तीन अरेस्ट, परिवार भी शिफ्ट… भारी फ़ोर्स तैनात, तनाव बरकरार
छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में फिंगेश्वर इलाके दुधकैया
गांव में कल 1 फरवरी को शाम से गुटीय संघर्ष के बाद से तनाव की स्थिति बनी हुई है। हिंसा और आगजनी के अलावा भीड़ के हमले में अब तक 6 पुलिसवाले भी घायल हो चुके हैं। पुलिस ने इस मामले में अभी आरिफ खान सहित 3 लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपी पक्ष की महिलाओं और बच्चों को सुरक्षित स्थान पर पहुँचाया गया है। गांव में भारी पुलिस बल तैनात है और फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।
बता दें कि यह तनाव रविवार को तब शुरू हुआ, जब जेल से जमानत पर छूटे एक पक्ष के युवकों ने कथित तौर पर गांव के कुछ लोगों पर लोहे की रॉड और पत्थरों से हमला कर दिया। इससे नाराज ग्रामीणों ने आरोपियों के घरों और गाड़ियों में आग लगा दी। बेकाबू भीड़ ने मौके पर पहुँची पुलिस पर पथराव किया, जिसमें रायपुर आईजी और गरियाबंद एसपी की मौजूदगी में करीब 5-6 पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा है।



