आज की खबर

छत्तीसगढ़ में धान खरीदी शुरू… पहले ही दिन एक समिति प्रभारी आउट… सीएम साय के निर्देश- लापरवाही बर्दाश्त नहीं

छत्तीसगढ़ में किसानों का सबसे बड़ा पर्व यानी धान खरीदी आज, 15 नवंबर से शुरू हो गई है। सीएम विष्णुदेव साय ने अफसरों से कहा है कि सरकार धान खरीदी को पूरी तरह व्यवस्थित, पारदर्शी और समयबद्ध रूप में संचालित करने के लिए प्रतिबद्ध है। इस मामले में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। इधर, धान खरीदी के पहले ही दिन कृषि साख सहकारी समिति गनियारी के समिति प्रभारी को अनुशासनहीनता के कारण तत्काल प्रभाव से सेवा मुक्त कर दिया गया है।

धान खरीदी को लेकर सीएम साय ने कहा कि सभी तैयारियाँ समय पर पूर्ण कर ली गई हैं। उपार्जन केंद्रों में आवश्यक सुविधाएँ सुनिश्चित की गई हैं। किसानों को कोई परेशानी न हो, इसके लिए सभी जिलों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं। धान खरीदी व्यवस्था को तकनीक-सक्षम बनाते हुए सरकार ने इस वर्ष तुँहर टोकन एप, जीपीएस आधारित परिवहन, सतर्क एप, और कमांड-एंड-कंट्रोल सेंटर जैसे आधुनिक सिस्टम लागू किए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि हर कदम पर हमारी प्राथमिकता किसानों को सुविधा, सम्मानजनक खरीदी और समय पर भुगतान सुनिश्चित करना है।

धान खरीदी के पहले गनियारी सहकारी समिति के प्रभारी के ख़िलाफ़ उपस्थित नहीं रहने के कारण कड़ा एक्शन लिया गया है। प्रभारी को जनहित से जुड़े महत्वपूर्ण कार्य प्रभावित होने पर तत्काल कार्यालय में उपस्थित होने के निर्देश दिए गए थे। उनकी अनुपस्थिति से समिति में धान उपार्जन की तैयारी, रबी ऋण वितरण, खाद–बीज वितरण तथा सार्वजनिक वितरण प्रणाली से जुड़े आवश्यक कार्य प्रभावित हुए, जिसे समिति ने व्यापक लोकहित के विपरीत और गंभीर दुराचरण मानते हुए कार्रवाई कर दी।

धान खरीदी की शुरुआत के साथ ही प्रदेशभर में किसानों में उत्साह का माहौल है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पारदर्शी प्रक्रिया और मजबूत तकनीकी व्यवस्था से इस बार की खरीदी और अधिक सहज और व्यवस्थित होगी। छत्तीसगढ़ की समृद्धि का यह सफर आज फिर एक नई उम्मीद और किसानों के अटूट विश्वास की रोशनी के साथ आगे बढ़ रहा है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button