कलेक्टर-एसपी कांफ्रेंस कल 12 और 13 अक्टूबर को.. सीएम साय करेंगे कामकाज की कड़ी समीक्षा… इसके तुरंत बाद कुछ कलेक्टर और एसपी बदलना तय

छत्तीसगढ़ के सीएम विष्णुदेव साय रविवार यानी कल 12 और 13 अक्टूबर को सभी जिलों के कलेक्टर-एसपी की कांफ्रेंस लेंगे। दो दिन की कलेक्टर-एसपी कांफ्रेंस के दौरान हर ज़िले के कलेक्टर और एसपी के कामकाज की समीक्षा ज़िले में सरकारी योजनाओं को लागू करने और क़ानून-व्यवस्था की स्थिति पर आधारित होगी। इस समीक्षा के तुरंत बाद कामकाज के आधार पर आधा दर्जन कलेक्टर और इनसे ज़्यादा एसपी बदल सकते हैं। माना जा रहा है कि धनतेरस से पहले अर्थात 17 अक्टूबर तक कलेक्टर, एसपी, एडिशनल कलेक्टर्स और एएसपी की पदस्थापना सूचियां जारी हो सकती हैं।
कांफ्रेंस में इस बार सीएम सभी जिलों में प्रशासन और पुलिस के कामकाज की कड़ी समीक्षा की तैयारी कर रहे हैं। उनके साथ नए सीएस विकास शील भी रहेंगे। हालांकि इस कांफ्रेंस के बाद हटाए जाने वाले और बिठाए जाने वाले आईएएस-आईपीएस अफसरों के नाम मंत्रालय और पुलिस मुख्यालय के गलियारों में तैरने लगे हैं। लेकिन हर चर्चा में आने वाली सूची में नाम अलग-अलग हैं। कहा तो यह भी जा रहा है कि सूची अफसरों के ज़िलेवार कामकाज की समीक्षा के बाद बननी है, इसलिए अभी से कुछ नहीं कहा जा सकता। फिर भी, अगले एक हफ़्ते में प्रदेश में बड़ा प्रशासनिक और पुलिस फेरबदल तय है।