आज की खबर
रायपुर-प्रदेश में ईद मिलादुन्नबी पर निकले विशाल “जुलूसे मोहम्मदी”… पैगम्बरे इस्लाम के जन्मदिन पर समाज में भारी उत्साह
समूचे छत्तीसगढ़ और राजधानी रायपुर में आज 26 अगस्त को पैगंबर हजरत मोहम्मद (स अ व) के जन्मदिवस ईद मिलादुन्नबी पर विशाल और भव्य जुलूस-ए-मोहम्मदी) निकाले गए। जुलूस मोहम्मदी से पहले रायपुर समेत प्रदेशभर के मुस्लिम बहुल इलाके नातखानी और सजावट से गूंजते रहे। मंगलवार को शाम से बुधवार तक “सरकार की आमद मरहबा” की गूज रही।
रायपुर में शहर सीरतुन्नबी कमेटी के नेतृत्व में ईद मिलादुन्नबी के लिए पिछले 12 दिनों से धार्मिक और सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा था। जिसका समापन आज विशाल पारंपरिक जुलूस के साथ हुआ। इससे पहले, मंगलवार शाम मौदहापारा, बैजनाथपरा, संजयनगर, नयापारा, राजातालाब और बिरगांव (गाजी नगर) समेत विभिन्न मुस्लिम बहुल इलाकों में आकर्षक लाइटिंग, रंग-बिरंगे झंडों और खूबसूरत पंडाल-तोरण से शानदार सजावट की गई। यहाँ रातभर मुस्लिमों की आमद से भरपूर रौनक रही। बुधवार को सुबह साढ़े 4 बजे पैगंबरे इस्लाम के जन्म के समय पर भरी आतिशबाजी की गई। इसके उपरांत फातेहा हुई और शिरनी तकसीम की गई। सुबह बैजनाथपारा से विशाल जुलूस मोहम्मदी निकाला गया। जुलूस में बड़ी संख्या में अकीदतमंद हरे झंडे थामे, ‘नात-ए-पाक’ पढ़ते और ‘लब्बैक या रसूलल्लाह’ के नारे लगाते हुए शामिल हुए। जुलूस सीरत मैदान पहुंचा जहां परचम कुशाई की गई और कौम की बेहतरी की दुआएँ मांगी गईं।



