बस्तर में शहीद सब इंस्पेक्टर की पत्नी ने राखी बांधी, भावुक हुए सीएम साय ने कहा- आपका परिवार अब मेरी जिम्मेदारी

रक्षाबंधन से पहले राजधानी रायपुर में ‘स्नेह की डोर’ कार्यक्रम में नक्सली मुठभेड़ में शहीद को सब इंस्पेक्टर युगल किशोर वर्मा की पत्नी माधुरी वर्मा ने सीएम विष्णु देव साय की कलाई पर राखी बांधी। इस आत्मीय क्षण में मुख्यमंत्री भावुक हो उठे और कहा- “मेरी कोई सगी बहन नहीं है। हम लोग भाई ही भाई हैं। आज मुझे सगी बहन से भी बढ़कर बहन मिली है।”
सीएम के इन शब्दों से पूरा वातावरण भावुक हो उठा। एक ओर वह बहन थी, जिसने मातृभूमि और प्रदेश की सुरक्षा के लिए अपने जीवनसाथी को खोया था। दूसरी ओर प्रदेश का मुखिया था, जिसने उसकी राखी को केवल रक्षा सूत्र नहीं, बल्कि जीवनभर निभाए जाने वाले भाई-बहन के आत्मीय रिश्ते के रूप में स्वीकार किया। सीएम साय ने माधुरी वर्मा को भरोसा दिलाया कि शहीद युगल किशोर वर्मा का परिवार उनका अपना परिवार है। उन्होंने कहा कि शहीदों के परिवार कभी अकेले नहीं हैं। उनके सुख-दुःख, सम्मान और भविष्य की चिंता करना सरकार का दायित्व ही नहीं, बल्कि हम सभी का आत्मीय कर्तव्य है। आज बहन माधुरी ने राखी बांधी है तो एक भाई के रूप में उनके परिवार के प्रति जिम्मेदारी और भी गहरी हो गई है।



