नेपाल की नदी में अचानक आई बाढ़ में 384 पर्यटक बहे जिनमें 105 भारतीय… पानी इतना तेज आया कि होटल, पुल और गाड़ियां भी बहा ले गया
नेपाल में भोटेकोशी नदी में आई अचानक विनाशकारी बाढ़ में 291 विदेशी नागरिकों सहित कुल 384 पर्यटक और ट्रेकर्स लापता हो गए हैं, जिनमें 105 भारतीय शामिल हैं। नेपाल पर्यटन बोर्ड (NTB) से जारी शुरुआती आंकड़ों के अनुसार, बुधवार 26 अगस्त को सुबह तिब्बत की ओर से अचानक आए पानी के तेज बहाव और भूस्खलन/हिमस्खलन के कारण सीमावर्ती इलाकों में भारी तबाही मची है।
बाढ़ से नेपाल-तिब्बत सीमा पर स्थित रसुवा जिला सबसे ज्यादा प्रभावित हुआ है। यहाँ के स्याप्रु बेसी और तिमुरे इलाकों में होटल, गाड़ियां और पुल बह गए हैं। यह इलाका कैलाश-मानसरोवर यात्रा और लांगटांग ट्रेकिंग के लिए मुख्य मार्ग माना जाता है। पर्यटन बोर्ड के अनुसार लापता लापता विदेशियों में 105 भारतीय नागरिक हैं। इनमें से कई लोग ‘स्मार्ट टूर्स एंड ट्रेवल’ (59 लोग) और ‘लीफ हॉलिडे’ (46 लोग) जैसी एजेंसियों के माध्यम से यात्रा पर थे। इसके अलावा 37 अनिवासी भारतीय (NRI) भी लापता बताए जा रहे हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक लापता भारतीयों में से करीब 50 लोग तमिलनाडु के रहने वाले हैं। अब तक इस आपदा में 8 से 9 शव मिल चुके है। नेपाल की कई जलविद्युत (हाइड्रोपावर) परियोजनाओं को नुकसान पहुंचा है।



