कांकेर सांसद भोजराज का मंच से दावा- नींबू काटकर रोक दी बारिश… पूर्व में अफसरों के लिए कहा था- काम नहीं किया तो नींबू काटकर “भूत” उतार दूंगा…
छत्तीसगढ़ में कांकेर लोकसभा से भाजपा सांसद भोजराज नाग ने एक सार्वजनिक मंच से अजीबोगरीब दावा किया है कि उन्होंने पूजा-अर्चना करके और नींबू काटकर बारिश को रोक दिया। सांसद ने यह दावा बालोद के डौंडीलोहारा में आयोजित ‘महतारी वंदन योजना’ के कार्यक्रम के दौरान किया, जिसमे सीएम विष्णुदेव साय भी उपस्थित थे। कुछ समय पहले सांसद ने सरकारी अफसरों से कहा था कि जो अधिकारी काम में लापरवाही करेंगे या फोन नहीं उठाएंगे, वे उनका ‘भूत उतारने’ के लिए उनके नाम का नींबू काटेंगे।
सांसद भोजराज नाग ने मंच से भाषण देते हुए कहा कि इस कार्यक्रम के एक दिन पहले और रात में मौसम बहुत खराब था। मुख्यमंत्री के आने का प्रोटोकॉल रात 12 बजे जारी हुआ था। उन्होंने कहा, “मैंने आराध्यों से प्रार्थना करके और नींबू काटकर पानी (बारिश) को रोक दिया है।” सांसद ने आगे कहा कि अब कार्यक्रम सफल हो गया है, पानी को गिरना है तो गिरे। उनके इस दावे से मंच पर बैठे सीएम साय और अन्य नेता भी हंस पड़े और जनसभा में ठहाके गूंजने लगे।
इस बयान का वीडियो वायरल होने के बाद विपक्षी दल कांग्रेस ने चुटकी लेते हुए कहा कि अगर सांसद जी के पास ऐसी शक्ति है, तो वे नींबू काटकर शक्कर, गैस सिलेंडर और बिजली बिल के दाम भी कम करवा देते। सोशल मीडिया यूजर्स ने इस बयान पर तीखे रिएक्शन दिए और इसे अंधविश्वास को बढ़ावा देने वाला बताया।
बता दें कि सांसद भोजराज नाग छत्तीसगढ़ के आदिवासी अंचल बस्तर (कांकेर) से आते हैं और वे खुद को पारंपरिक ‘बैगा’ (स्थानीय पुजारी) भी बताते हैं। वे पहले भी अपने ऐसे ही अजीबोगरीब बयानों के लिए चर्चा में रह चुके हैं।



