आज की खबर

रायपुर कृषि विवि में इस माह तीसरा पेपर लीक… जेनेटिक्स का पर्चा लीक होने के कारण रद्द… शक दुर्ग के विवादित कॉलेज पर

रायपुर के इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय में बीएससी कृषि (B.Sc Agriculture) प्रथम वर्ष का ‘फंडामेंटल्स ऑफ जेनेटिक्स’ (Genetics) का पेपर लीक होने के बाद यूनिवर्सिटी प्रबंधन ने परीक्षा को पूरी तरह रद्द कर दिया है। कृषि विवि में पेपर लीक का यह तीसरा मामला है। इससे पहले 20 अगस्त को होने वाला एंटोमोलॉजी (Entomology) का पेपर और 7 अगस्त को हो चुका प्लांट पैथोलॉजी (Plant Pathology) का पेपर भी लीक पाया गया था, जिन्हें रद्द कर दिया गया था। ये तीनों ही पेपर सितंबर के पहले सप्ताह में फिर होंगे।

फंडामेंटल्स ऑफ जेनेटिक्स की परीक्षा प्रदेश के सभी 28 कृषि महाविद्यालयों में 19 अगस्त को आयोजित की गई थी। सुबह 10 बजे हुई जेनेटिक्स की परीक्षा का पेपर सुबह 4 से 5 बजे के बीच ही व्हाट्सएप पर PDF फॉर्मेट में वायरल हो गया था। वायरल PDF में परीक्षा के पार्ट-ए, बी और सी के सभी प्रश्न उत्तरों सहित मौजूद थे। इसमें 6 नंबर वाले लॉन्ग आंसर क्वेश्चन भी शामिल थे। यूनिवर्सिटी की 5 सदस्यीय जांच समिति के अनुसार, दुर्ग जिले के भारती कृषि महाविद्यालय को भेजे गए जेनेटिक्स के पेपर के लिफाफे के साथ छेड़छाड़ की गई थी। इस मामले में पहले से गिरफ्तार सहायक प्रोफेसर योगेश सोनकेसरिया और कॉलेज प्रबंधन की भूमिका की दोबारा जांच की जा रही है।

बता दें के पूर्व के पेपर लीक मामलों में पुलिस अब तक एक प्रोफेसर सहित 6 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। यूनिवर्सिटी ने संबंधित कॉलेज को कारण बताओ नोटिस जारी किया है और परीक्षा की सुरक्षा बढ़ाने के लिए अब फिजिकल कॉपियों की जगह पासवर्ड-प्रोटेक्टेड ईमेल से पेपर भेजने का फैसला किया है। रद्द की गई परीक्षाओं को सितंबर के पहले सप्ताह में नए सिरे से आयोजित किया जाएगा।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button