सुकमा में बाढ़ से बिगड़े हालात… सीएम साय ने लिया जायजा, प्रभावितों को पूरी मदद के निर्देश… प्रमुख सचिव सुबोध सिंह साथ में

बस्तर में तीन दिन की भारी बारिश से सुकमा के हालात बिगड़े हुए हैं। सैकड़ों लोग बेघर हुए हैं, जिन्हें राहत केंद्रों में रखा गया है। कई गांवों अब भी चार-पाँच फीट तक डूबे हैं। सीएम विष्णु देव साय आज सोमवार को बाढ़ प्रभावित सुकमा पहुंचे और बाढ़ से प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर जमीनी स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने राहत केंद्रों में की गई व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान सीएम के प्रधान सचिव सुबोध सिंह भी साथ थे। उन्होंने भी प्रशासन की ओर से उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की स्पॉट पर ही समीक्षा की।
सीएम साय ने राहत केंद्रों में रह रहे प्रभावित लोगों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। उन्होंने जिला प्रशासन से बाढ़ की स्थिति, राहत एवं बचाव कार्यों तथा प्रभावित परिवारों को उपलब्ध कराई जा रही सहायता की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को प्रभावित लोगों की सुरक्षा, भोजन, पेयजल, स्वास्थ्य सुविधा और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संकट की इस घड़ी में राज्य सरकार प्रभावित परिवारों के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है।



