राष्ट्रपति मुर्मू रायपुर पहुंची, सीएम साय और राज्यपाल डेका ने किया स्वागत… कल 23 Oct को बस्तर में मुरिया दरबार में शामिल होंगी

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज गुरुवार 22 अक्टूबर और कल 23 अक्टूबर को छत्तीसगढ़ के आधिकारिक प्रवास पर हैं। राष्ट्रपति आज दोपहर रायपुर पहुंच गईं। माना एयरपोर्ट पर सीएम विष्णुदेव साय और राज्यपाल रमेन डेका ने उनका आत्मीय स्वागत किया। राष्ट्रपति आज रायपुर में सिंधी समुदाय के कार्यक्रम से लेकर बस्तर के पारंपरिक आदिवासी नेतृत्व के साथ संवाद तक विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा ले रही हैं।
राष्ट्रपति मुर्मू एयरपोर्ट से सीधे लोकभवन पहुँचीं, जहां उन्होंने शदाणी दरबार की पीठाधीश माता हासी देवी की 200वीं जयंती के उपलक्ष्य में भारत सरकार द्वारा तैयार किया गया ₹200 का विशेष स्मारक सिक्का (Commemorative Coin) और एक विशेष डाक टिकट जारी किया। इसके बाद राष्ट्रपति रायपुर के इनडोर स्टेडियम में नुआखाई (नई फसल के आगमन का कृषि उत्सव) के पावन अवसर पर आयोजित ‘सेवा सम्मान पर्व’ और ‘युवा प्रबोधन’ कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं।
राष्ट्रपति मुर्मू कल जगदलपुर (बस्तर) पहुंचेंगी, जहाँ वे विश्व प्रसिद्ध बस्तर दशहरा के अंतर्गत आयोजित होने वाले ऐतिहासिक ‘मुरिया दरबार’ कार्यक्रम में शामिल होंगी। आदिवासियों से संवाद: मुरिया दरबार के इस पारंपरिक मंच पर राष्ट्रपति बस्तर क्षेत्र के स्थानीय आदिवासियों और माँझियों की समस्याओं व फरियाद को भी सुनेंगी।



