राष्ट्रपति मुर्मू जगदलपुर पहुंचीं, सीएम साय-गवर्नर डेका साथ में… मुरिया दरबार में शामिल होंगी, बस्तर पंडुम का उद्धाटन भी… आज शाम ही रायपुर आकर वापसी
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज 23 अक्टूबर को अपने दो दिवसीय छत्तीसगढ़ प्रवास के दूसरे दिन बस्तर के मुख्यालय जगदलपुर पहुंच चुकी हैं। आजादी के बाद यह पहला मौका है जब देश की कोई राष्ट्रपति विश्व प्रसिद्ध बस्तर दशहरा के ऐतिहासिक ‘मुरिया दरबार’ रस्म की साक्षी बन रही हैं। जगदलपुर में दिनभर व्यस्त कार्यक्रमों में शामिल होने के बाद राष्ट्रपति आज ही रायपुर होते हुए दिल्ली वापस लौट जाएंगी।
राष्ट्रपति मुर्मू के साथ छत्तीसगढ़ के सीएम विष्णुदेव साय और राज्यपाल रमेन डेका भी जगदलपुर गए हैं। राष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए पूरे बस्तर और जगदलपुर में सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए हैं। एयरपोर्ट से सीधे राष्ट्रपति मुर्मू बस्तर की आराध्य देवी माँ दंतेश्वरी मंदिर पहुंचीं। उन्होंने मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर देश और छत्तीसगढ़ की सुख समृद्धि के लिए आशीर्वाद मांगा। इसके उपरांत दोपहर 12:45 बजे वे जगदलपुर के सिरहासार भवन जा रही हैं, जहाँ बस्तर दशहरा की सबसे महत्वपूर्ण रस्मों में से एक मुरिया दरबार का आयोजन किया गया है। यहाँ वे पारंपरिक सामाजिक नेतृत्व से जुड़े माझी-चालकियों और मेंबर-मेंबरीनों के बीच बैठकर उनकी बातें व समस्याएं सुनेंगी।
मुरिया दरबार के बाद राष्ट्रपति जगदलपुर के लालबाग मैदान जाएंगी और आमसभा को संबोधित करेंगी। साथ ही, राष्ट्रपति मुर्मू आदिवासी जीवन शैली, कला और परंपरा को संजोने वाले ‘बस्तर पंडुम 2026’ महोत्सव का उद्घाटन भी करेंगी और बस्तर की संस्कृति से जुड़ी 12 विभिन्न विधाओं और प्रदर्शनियों का अवलोकन करेंगी।



