राजनांदगाँव एसपी का ak 47 से हवाई फायर का वीडियो… पुलिस मुख्यालय ने किया जवाब-तलब… आईजी यादव के मार्फ़त नोटिस
राजनांदगांव की एसपी और महिला आईपीएस अधिकारी अंकिता शर्मा के दशहरा शस्त्र पूजा के दौरान एके-47 (AK-47) से हवाई फायरिंग को पुलिस मुख्यालय ने जनसुरक्षा को बड़ा खतरा और पुलिस की छवि पर नकारात्मक प्रभाव डालने वाला मानकर नोटिस जारी कर दी है। जवाब-तलब की यह चिट्ठी राजनांदगांव आईजी अजय यादव के माध्यम से एसपी को भेजी गई है। पुलिस मुख्यालय के तमाम आला अफसरों ही नहीं, बल्कि सरकार में उच्चस्तर पर भी एसपी अंकिता शर्मा के हर्ष फायरिंग वाले वीडियो को लेकर प्रतिकूल प्रतिक्रिया है।
बता दें कि विजयादशमी (दशहरा) के मौके पर राजनांदगांव पुलिस लाइन में पारंपरिक रूप से अस्त्र-शस्त्रों की पूजा की गई थी। इसके बाद साड़ी पहने हुए ही एसपी अंकिता शर्मा ने एके-47 राइफल से करीब 9 राउंड हवाई फायरिंग की। उनके बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) कीर्तन राठौर भी हवाई फायरिंग करते दिखे। इस घटना का वीडियो वायरल होने के बाद से पुलिस महकमे में अनुशासन, सुरक्षा नियमों और हथियार चलाने के तौर-तरीकों को लेकर एक बड़ी बहस छिड़ गई है।
इस मामले पर छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कल रात ही प्रतिक्रिया दी थी कि सरकार इस घटना का संज्ञान लेगी और मामले की जांच व आवश्यक कार्रवाई पर विचार किया जाएगा। इसी से बाद पुलिस मुख्यालय से जवाब तलब की चिट्ठी जारी की गई।



