आज की खबर

महादेव सट्टे में गिरफ्तार वकील साब तो करोड़ों की म्यूजिक कंपनी के को-फाउंडर निकले… मंगेतर भी एक्ट्रेस-सिंगर, ED को सट्टे का पैसा इसी कंपनी में लगाने का शक

(रायपुर कोर्ट में पेश करते समय हिमांशु शेखर का फोटो)

महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) द्वारा गिरफ्तार दिल्ली के वकील हिमांशु शेखर उर्फ मोहित का म्यूजिक और एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री से बड़ा कनेक्शन सामने आया है। ED की जांच में पता चला कि आरोपी वकील हिमांशु शेखर OSM Records नाम की एक म्यूजिक कंपनी का को-फाउंडर है। इस लेबल के गानों में हर्ष गुजराल, खुल्लर-G और यूट्यूबर फुकरा इंसान जैसे बॉलीवुड और सोशल मीडिया के कई चर्चित चेहरे काम कर चुके हैं। इसके अलावा दिल्ली के लाजपत नगर में ‘येस्या मीडिया प्राइवेट लिमिटेड’ नाम की कंपनी में भी उसकी 75% हिस्सेदारी है।

हिमांशु की मंगेतर चित्रांशी ध्यानी पेशे से एक एक्ट्रेस, सिंगर और कंटेंट क्रिएटर हैं। मुंबई एयरपोर्ट पर गिरफ्तारी के बाद ईडी ने नियमों के तहत चित्रांशी को ही हिमांशु की गिरफ्तारी की आधिकारिक सूचना दी थी। ईडी का आरोप है कि हिमांशु ने महादेव ऐप के प्रमोटर सौरभ चंद्राकर से केस रफा-दफा कराने और अधिकारियों-जजों को मैनेज करने के नाम पर 15 करोड़ रुपये से ज्यादा की रकम ली थी। दिल्ली में हुई छापेमारी के दौरान एजेंसी को हाथ से लिखे कुछ नोट और हवाला लेजर भी मिले हैं, जिनमें करीब 60 करोड़ रुपये के कथित भुगतान का जिक्र है।

बता दें कि 20 नवंबर को दुबई भागने की फिराक में मुंबई एयरपोर्ट से पकड़े गए हिमांशु शेखर को रायपुर की विशेष PMLA कोर्ट ने 28 नवंबर तक ईडी की रिमांड पर भेजा है। अब एजेंसी इस बात की जांच कर रही है कि क्या सट्टेबाजी के काले धन को उसकी म्यूजिक और मीडिया कंपनियों के जरिए सफेद (मनी लॉन्ड्रिंग) किया जा रहा था।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button