भिलाई का भाजपा नेता संदीप झारखंड में गिरफ्तार… 300 करोड़ के फ्रॉड में कोलकाता पुलिस ने दबोचा… निवेश के नाम पर लोगों से हुई थी धोखाधड़ी
भिलाई भाजपा के पूर्व कोषाध्यक्ष संदीप अग्रवाल को कोलकाता पुलिस ने निवेश और कारोबार के नाम पर 300 करोड़ रुपये से अधिक के गबन और धोखाधड़ी (Fraud) के मामले में गिरफ्तार किया है। आरोपी पिछले 13 महीनों से फरार चल रहा था, जिसे झारखंड से हिरासत में लिया गया है। संदीप अग्रवाल, उसके परिवार और सहयोगियों पर फर्जी व्यापारिक फर्मों के जरिए 300 करोड़ रुपये से अधिक की हेराफेरी और गबन करने का संगीन आरोप है।
संदीप अग्रवाल पिछले 13 महीनों से लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था। कोलकाता पुलिस उसकी तलाश में अहमदाबाद, गांधीधाम, भुवनेश्वर, रायपुर, भिलाई और कोलकाता में लगातार छापेमारी कर रही थी। हाल ही में वह झारखंड के एक स्थानीय थाने में आत्मसमर्पण (Surrender) करने पहुंचा था। लेकिन कोलकाता पुलिस की विशेष टीम को इसकी भनक लग गई। पुलिस ने उसकी लोकेशन ट्रेस की और थाने के बाहर ही घेराबंदी करके उसे दबोच लिया। गिरफ्तारी के बाद उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे 10 दिनों की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
संदीप अग्रवाल के भाई इसी फ्रॉड में पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके हैं। आरोपी ने गुजरात, पश्चिम बंगाल और झारखंड जैसे राज्यों में व्यापार और निवेश के नाम पर लोगों से करोड़ों की धोखाधड़ी की है। शिकायतकर्ताओं के अनुसार, संदीप भिलाई में खुद को भाजपा नेता बताकर लोगों पर धौंस जमाता था और पुलिस कार्रवाई से बचने के लिए अपने राजनैतिक संपर्कों का इस्तेमाल करता था।



