आज की खबर

प्रतिष्ठित “रायपुर साहित्य उत्सव” 8 से 10 जनवरी तक… सीएम साय ने किया प्रतीक चिन्ह का अनावरण… साहित्य उत्सव के लिए सलाहकार समिति गठित


छत्तीसगढ़ की समृद्ध साहित्यिक, सांस्कृतिक और वैचारिक परंपराओं को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने के उद्देश्य से राजधानी रायपुर में 8 से 10 जनवरी 2027 तक रायपुर साहित्य उत्सव का भव्य आयोजन किया जाएगा। सीएम विष्णुदेव साय ने आज मुख्यमंत्री निवास में प्रदेश के प्रबुद्ध साहित्यकारों की उपस्थिति में रायपुर साहित्य उत्सव के प्रतीक चिह्न का अनावरण और पोस्टर का विमोचन कर आयोजन की औपचारिक घोषणा की। इस वर्ष महोत्सव की थीम ‘युवा भारत’ निर्धारित की गई है। राज्य शासन के जनसंपर्क विभाग ने रायपुर साहित्य उत्सव के आयोजन के लिए आठ सदस्यीय सलाहकार समिति का गठन किया है।

राज्य शासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार सलाहकार समिति में सीएम के मीडिया सलाहकार पंकज झा, सीएम के सलाहकार कृष्णा दास, छत्तीसगढ़ साहित्य अकादमी के अध्यक्ष शशांक शर्मा, छत्तीसगढ़ राजभाषा आयोग के अध्यक्ष श्री प्रभात मिश्रा, सीएम के प्रेस ऑफिसर आलोक सिंह, प्रख्यात साहित्यकार अनंत विजय, पांचजन्य के संपादक हितेश शंकर और साहित्य परिषद दिल्ली से मनोज कुमार को नामांकित किया गया है।

सीएम साय ने साहित्य उत्सव के प्रतीक चिन्ह के अनावरण के अवसर पर कहा कि गत वर्ष छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना के रजत जयंती वर्ष में सीमित समय में रायपुर साहित्य उत्सव का आयोजन किया गया था। साहित्यकारों, आयोजन समिति और सभी सहयोगियों के सामूहिक प्रयासों से यह आयोजन अत्यंत सफल रहा तथा देशभर में इसकी चर्चा हुई। उन्होंने सफल आयोजन के लिए सभी साहित्यकारों और आयोजन से जुड़े सदस्यों का अभिनंदन करते हुए कहा कि इस बार महोत्सव को और अधिक व्यापक, भव्य एवं गरिमामय स्वरूप दिया जाए। सीएम साय ने कहा कि इस वर्ष साहित्य उत्सव की थीम ‘युवा भारत’ अत्यंत प्रासंगिक है। यह भारत की युवा शक्ति, भाषाई विविधता, विचारों की बहुलता और साझा भविष्य के संकल्प को अभिव्यक्त करती है।

इस अवसर पर प्रदेश के वरिष्ठ साहित्यकारों, कवियों और रचनाकारों ने गत वर्ष आयोजित रायपुर साहित्य उत्सव के अनुभव साझा किए तथा आगामी आयोजन को और अधिक प्रभावशाली बनाने के लिए महत्वपूर्ण सुझाव दिए। इस अवसर पर विशेष रूप से जनसंपर्क विभाग के प्रमुख सचिव डॉ. रोहित यादव, सीएम के विशेष सचिव रजत बंसल सहित प्रदेशभर से आए वरिष्ठ साहित्यकार, कवि, कवयित्रियां, लेखक, लेखिकाएं एवं साहित्य और सृजन जगत से जुड़े गणमान्यजन उपस्थित थे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button