पीएससी स्कैम : अपर कलेक्टर चेतन बोरघरिया को ईडी ने किया गिरफ्तार… कोर्ट में पेश कर 6 दिन की रिमांड पर लिया
छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) भर्ती घोटाले में छत्तीसगढ़ के चर्चित पीएससी स्कैम में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बलरामपुर-रामानुजगंज के अपर कलेक्टर चेतन बोरघरिया को गिरफ्तार कर लिया है। ईडी ने यह कार्रवाई 11 सितंबर, शुक्रवार को धनशोधन निवारण अधिनियम (PMLA) के तहत की है। चेतन बोरघरिया 2019 से 2022 के बीच पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के दौरान तत्कालीन सीएम भूपेश बघेल के ओएसडी रह चुके हैं। गिरफ्तारी के बाद विशेष अदालत में पेश किए जाने पर कोर्ट ने चेतन बोरघरिया को 6 दिन की ईडी रिमांड पर सौंप दिया है।
सूत्रों के अनुसार ईडी को जांच के दौरान चेतन बोरघरिया की इस मामले के एक अन्य मुख्य आरोपी उत्कर्ष चंद्राकर के साथ संदिग्ध व्हाट्सएप चैट मिली है। जांच में सामने आया कि एक महिला कैंडिडेट को परीक्षा से पहले ही प्रीलिम्स का 100% मैच होने वाला पेपर उपलब्ध कराया गया था और मेन्स पेपर के नाम पर करीब 70 लाख रुपये लिए गए थे। बता दें कि इस मामले में ईडी पहले ही छत्तीसगढ़ पीएससी के पूर्व अध्यक्ष टामन सिंह सोनवानी और उत्कर्ष चंद्राकर को गिरफ्तार कर चुकी है।



