पीएम मोदी के जन्मदिन पर आज शाम छत्तीसगढ़ में जलेंगे 40 लाख दिए… महादेवघाट में भव्य महाआरती, बिलासपुर में रक्तदान
छत्तीसगढ़ में पीएम नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन (17 सितंबर) पर आज भाजपा संगठन और शासन की ओर से ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत कई बड़े कार्यक्रम होने जा रहे हैं। प्रदेशभर में आज शाम 7 बजे 40 लाख से अधिक दीये जलाकर ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम मनाया जाएगा। इसके तहत शाम 7 बजे सभी सरकारी भवनों, स्कूलों, पंचायत भवनों और आंगनबाड़ी केंद्रों में दीप प्रज्वलित किए जाएंगे। सीएम विष्णुदेव साय ने प्रदेश के लोगों से शाम को अपने घरों में दिए जलाने की अपील की है।
इसके अलावा प्रदेश के अलग-अलग हिस्से में भी कई कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। राजधानी रायपुर में महादेव घाट स्थित खारून नदी के तट पर भव्य महाआरती का आयोजन किया गया है । इस कार्यक्रम में भाजपा के कई वरिष्ठ नेता और भारी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हो रहे हैं। रायपुर में इन कार्यक्रमों के चलते शाम के समय ट्रैफिक डायवर्जन भी लागू किया गया है।
बिलासपुर के पुलिस परेड ग्राउंड में शाम को 1 लाख 25 हजार दीये जलाए जाने वाले हैं। पूरे जिले में 10 लाख दीये जलाने का लक्ष्य है। बिलासपुर के ही कोनी स्थित मल्टीस्पेशलिटी अस्पताल में विशाल रक्तदान शिविर लगाया गया है। यहाँ भाजपा नेताओ की मौजूदगी में पीएम मोदी के वजन के बराबर (तौलकर) रक्तदान करने का कार्यक्रम रखा गया है।
‘सेवा संकल्प अभियान’ और योजनाओं का लाभआज से शुरू हो रहे 15 दिवसीय सेवा संकल्प अभियान के तहत प्रधानमंत्री आवास योजना (PMAY) के 200 पात्र हितग्राहियों को मकानों की चाबियां सौंपी जा रही हैं।इसके अलावा पीएम स्वनिधि योजना के तहत लोन और आयुष्मान कार्ड का भी प्रतीकात्मक वितरण किया जा रहा है।



