नवा रायपुर में 8000 फीट ऊंचाई से जम्प करेंगे एयरफोर्स के पैराशूट स्कायडाइवर्स… विख्यात आकाशगंगा टीम भी राज्योत्सव पर लोगों को करेगी रोमांचित

नवा रायपुर के सेंध लेक इलाके में राज्योत्सव पर सारंग हेलीकॉप्टर टीम तो साहसिक करतब दिखाएगी ही।
भारतीय वायु सेना की प्रतिष्ठित स्काईडाइविंग प्रदर्शन टीम ‘आकाशगंगा’ भी सटीक पैराशूटिंग का रोमांचक प्रदर्शन करेगी। स्क्वाड्रन लीडर आर्यन कैंत्युरा के नेतृत्व में आठ पैराशूट जंप इंस्ट्रक्टरों (पीजेआई) की टीम एएन-32 विमान से जमीन से 8,000 फीट की ऊंचाई पर छलांग लगाएगी। यह प्रदर्शन भारतीय वायु सेना के सैन्य पैराशूट विशेषज्ञों के कौशल, समन्वय और उत्कृष्ट कार्यकुशलता को दर्शाएगा।
वायु सेना स्टेशन आगरा में गठित ‘आकाशगंगा’ की गौरवशाली विरासत लगभग चार दशकों की है। टीम की उल्लेखनीय उपलब्धियों में वर्ष 2019 के गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान 20 × 30 फीट के राष्ट्रीय ध्वज के साथ ‘कैनोपी रिलेटिव वर्क हैंड-प्लेन फॉर्मेशन’ का प्रदर्शन शामिल है। छत्तीसगढ़ राज्योत्सव में टीम की भागीदारी दर्शकों को सैन्य स्काईडाइविंग का कौशल प्रत्यक्ष रूप से देखने का अवसर देगी। साथ ही, यह युवाओं को सशस्त्र सेनाओं में करियर बनाने के लिए प्रेरित करेगी और भारतीय वायु सेना तथा छत्तीसगढ़ की जनता के बीच जुड़ाव को और मजबूत बनाएगी।



