आज की खबर

सभी बैंक खुले हैं आज रविवार को… आम दिनों की तरह होंगे बैंक ऑपरेशंस… कल से तीन दिन बंद

देश के सभी सरकारी बैंक (Public Sector Banks) और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक (RRBs) आज रविवार 27 सितंबर को आम दिनों की तरह खुले हैं। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) और वित्त मंत्रालय के निर्देशानुसार, ग्राहक शाखाओं में जाकर अपने सभी जरूरी काम निपटा सकते हैं। हालांकि रविवार को बैंक खोलने के आदेश का कुछ बैंक यूनियनें विरोध कर रही हैं। कहीं कहीं इसका असर होने की भी आशंका है।

यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) ने 28 सितंबर से 30 सितंबर (सोमवार से बुधवार) तक 3 दिनों की देशव्यापी बैंक हड़ताल बुलाई है। 26 सितंबर को महीने का चौथा शनिवार था और आज रविवार है। अगर आज भी बैंक बंद रहते, तो लगातार 5 दिनों तक बैंकिंग सेवाएं ठप हो जातीं। आम जनता को इस परेशानी से बचाने के लिए सरकार ने आज रविवार को भी बैंकों को खोलने की विशेष अनुमति दी है।

अब तक जो ख़बरें आई हैं, उनके अनुसार स्टेट बैंक (SBI), पंजाब नेशनल बैंक (PNB), केनरा बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा, सेंट्रल बैंक, यूनियन बैंक जैसे सभी सरकारी बैंक आज पूरी तरह काम कर रहे हैं।  इसी तरह, आईसीआईसीआई, आईडीबीआई,एचडीएफसी (HDFC) और एक्सिस (Axis) जैसे प्रमुख निजी बैंक भी आज अपनी कुछ शाखाओं में काम कर रहे हैं, क्योंकि वे इस हड़ताल का हिस्सा नहीं हैं। बैंकों की शाखाओं के साथ-साथ आज एटीएम (ATM), इंटरनेट बैंकिंग और करेंसी चेस्ट भी पूरी तरह चालू हैं। कुछ सरकारी बैंकों ने हड़ताल की अवधि के दौरान एटीएम ट्रांजैक्शन चार्ज भी माफ कर दिए हैं।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button