श्रमिकों के लिए अहम घोषणाएं… 1. सभी शहरों में सुविधा केंद्र 2. ई-बाइक ख़रीदने पर मदद 3. ई-रिक्शा पर अब 1 लाख रू सहायता

विश्वकर्मा जयंती पर आज गुरुवार को विष्णुदेव साय सरकार ने छत्तीसगढ़ के श्रमिकों के लिए तीन अहम घोषणाएं की हैं। पहली घोषणा यह है कि प्रदेश के सभी शहरों में सर्वसुविधायुक्त श्रमिक सुविधा केंद्र बनेंगे। दूसरी यह कि पंजीकृत श्रमिकों के लिए ई-बाइक सहायता योजना शुरू की जाएगी। इनके अलावा प्रदेश में असंगठित क्षेत्र के रिक्शा चालकों को ई-रिक्शा खरीदी के लिए अब 50 हजार के स्थान पर एक लाख रुपए की सहायता दी जाएगी। इन घोषणाओं के अतिरिक्त आज सरकार ने 1.43 लाख से अधिक श्रमिकों के खातों में 51.32 करोड़ रुपए से अधिक की सहायता राशि ट्रांसफर की है। सीएम ने 100 श्रमिक दीदियों को ई-रिक्शा की चाबी दी और उन्हें हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
राजधानी रायपुर के सरदार बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर आयोजित राज्य स्तरीय श्रमिक महासम्मेलन में सीएम विष्णुदेव साय ने श्रमिक बहनों के साथ दोपहर का भोजन किया, उनसे आत्मीय संवाद कर परिवार का हाल-चाल भी जाना। यहाँ भी सीएम साय ने पीएम नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर हजारों श्रमिकों के साथ ‘आशीर्वाद का दीया’ प्रज्ज्वलित किया।
सीएम साय ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ के श्रमवीर अपने परिश्रम, पुरुषार्थ और पसीने से समृद्ध एवं विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण की नई इबारत लिख रहे हैं। गांवों के खेत-खलिहानों से लेकर शहरों की ऊंची इमारतों तक, सड़कों और पुलों से लेकर सिंचाई परियोजनाओं, उद्योगों और अधोसंरचना के निर्माण तक प्रदेश की प्रगति की हर तस्वीर में हमारे श्रमिक भाई-बहनों की मेहनत समाहित है। छत्तीसगढ़ ने अपने गठन के 25 वर्षों में विकास के जो नए प्रतिमान स्थापित किए हैं, उनके पीछे हमारे मेहनतकश हाथों का बड़ा योगदान है। यही हाथ आने वाले वर्षों में विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प को भी साकार करेंगे।
उन्होंने प्रदेशभर से आए हजारों श्रमिक भाई-बहनों को विश्वकर्मा जयंती की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं और भगवान विश्वकर्मा से छत्तीसगढ़ की सुख, शांति, समृद्धि और निरंतर प्रगति की कामना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान विश्वकर्मा निर्माण और सृजन के आराध्य हैं। वे हमें श्रम के सम्मान और अपने हुनर पर गर्व करने की प्रेरणा देते हैं। सही मायनों में हमारे श्रमिक भाई-बहन ही विकसित छत्तीसगढ़ के विश्वकर्मा हैं। राज्य सरकार श्रमिकों के परिश्रम का सम्मान करने के साथ उनके जीवन में सुरक्षा, सुविधा और समृद्धि सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन, कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, सांसद लक्ष्मी वर्मा, और रायपुर के विधायक, महापौर मीनल चौबे, जिला पंचायत अध्यक्ष, विभिन्न निगम-मंडलों के अध्यक्ष, श्रम सचिव श्री हिमशिखर गुप्ता सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी तथा प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए बड़ी संख्या में श्रमिक उपस्थित थे।



