आज की खबर

रायपुर हेलीकॉप्टर शो के लिए “सारंग” टीम पहुंची… एयरफोर्स के जांबाज़ों में दो महिला पायलट भी… सीएम साय ने किया स्वागत

राज्योत्सव पर 2 नवंबर को नवा रायपुर के सेंध लेक क्षेत्र में होने वाले भव्य हेलीकॉप्टर एयर शो में एयरफोर्स का आसमान में शौर्य दिखाने वाली सारंग टीम के पांच पायलट रायपुर पहुंच गए हैं। खास बात ये है कि इन जांबाज़ पायलटों में दो महिलाएं भी हैं। इस टीम का आ सुबह सीएम विष्णुदेव साय ने सीएम हाउस में स्वागत किया। उन्होंने कहा कि सारंग टीम में शामिल स्क्वाड्रन लीडर अंकिता और स्क्वाड्रन लीडर अक्षया जैसी महिला पायलटों का साहस और आत्मविश्वास छत्तीसगढ़ की बेटियों के लिए प्रेरणादायी है।

भारतीय वायु सेना की सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम का भव्य एयर शो सुबह 11 बजे शुरू होगा। इस विशेष हवाई प्रदर्शन में पांच स्वदेश ध्रुव हेलीकॉप्टर आसमान में अद्भुत सामंजस्य, सटीक उड़ान और साहसिक करतबों का प्रदर्शन करेंगे, जिसका नेतृत्व ग्रुप कैप्टेन अभिजीत कुमार करेंगे। अत्यंत नजदीकी सामूहिक उड़ान और निर्धारित संरचनाओं में हेलीकॉप्टरों का सटीक संचालन सारंग टीम की विशेष पहचान है। सीएम साय से मुलाकात के दौरान ग्रुप कैप्टन कुमार ने छत्तीसगढ़ राज्योत्सव में सहभागिता का अवसर मिलने पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के राज्य स्थापना दिवस समारोह का हिस्सा बनना सारंग टीम के लिए गर्व और सम्मान की बात है। भारतीय वायु सेना की सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम अपनी विशिष्ट उड़ान शैली और उत्कृष्ट सामूहिक समन्वय के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रसिद्ध है। यह टीम भारत में विकसित उन्नत हल्के हेलीकॉप्टर (एएलएच) ‘ध्रुव’ के माध्यम से हवाई प्रदर्शन करती है।

सारंग टीम के हेलीकॉप्टरों का आकर्षक रंग संयोजन और विशेष डिजाइन भारत के राष्ट्रीय पक्षी मोर से प्रेरित है। आसमान में इन रंग-बिरंगे हेलीकॉप्टरों की सामूहिक उड़ान दर्शकों के लिए अत्यंत मनोहारी दृश्य प्रस्तुत करती है। हेलीकॉप्टरों का संतुलित संचालन, निर्धारित दूरी पर उड़ान और एक साथ बदलती संरचनाएं दर्शकों को रोमांचित करती हैं।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button