राष्ट्रप्रहरी भीष्म और सेना का रायपुर ने दिल खोलकर किया स्वागत… वंदन… अभिनंदन

भारतीय सेना के भीष्म टैंक तथा अन्य आर्टिलरी और सैन्य टुकड़ी का बुधवार को सुबह राजधानी रायपुर से सैकड़ों-हजारों लोगों ने भव्य स्वागत किया। सीएम विष्णुदेव साय की पहल 5 और 6 अक्टूबर को होने वाले भव्य सेना शौर्य प्रदर्शनी के लिए सेना की टुकड़ी अपने जमीनी साजोसामान तथा घातक भीष्म टैंकों की रैली के साथ नया रायपुर से सुबह निकली। तकरीबन 8 बजे यह रैली इंदिरा गांधी कृषि विवि के मेन गेट पर पहुंची, जहां कलेक्टर डा. गौरव कुमार के नेतृत्व में पूरा रायपुर प्रशासन तथा शहर के गणमान्य नागरिक जुटे थे। सभी ने रैली का भव्य स्वागत किया। वहां से रैली राजधानी रायपुर के मुख्य मार्गों से गुजरती हुई साइंस कालेज मैदान पर पहुंच गई और प्रदर्शनी की तैयारी शुरू कर दी गई।
सेना के भीष्म टैंक तथा आर्टिलरी की यह रैली जोरा में स्वागत के बाद राजधानी में दाखिल हुई। तेलीबांधा, मरीन ड्राइव, कलेक्ट्रेट, जयस्तंभ और आश्रम चौक होते हुए रैली साइंस कॉलेज मैदान तक मैदान पहुंचा। इस दौरान जगह-जगह बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा थे। आने-जाने वालों ने भी रुककर रैली को देखा। अधिकांश लोग वीडियो बनाते भी नजर आए। प्रशासन के लंबे काफिले के साथ टैंक और आर्टिलरी जहां से भी गुजरी, लोगों ने खासा उत्साह दिखाया। करीब दो घंटे तक शहर की सड़कों से गुजरते हुए रैली साइंस कालेज पहुंची। बता दें कि राजधानी रायपुर के साइंस कालेज मैदान में सैन्य प्रदर्शनी 5-6 अक्टूबर को आयोजित होगी। इसमें सेना के जांबाज सैनिक शौर्य का प्रदर्शन भी करेंगे।