पीएम मोदी रायपुर के सरोना और बालोद स्टेशनों का 17 जुलाई को करेंगे वर्चुअल लोकार्पण… सीएम साय ने इसके लिए पीएम-रेलमंत्री का जताया आभार

पीएम नरेंद्र मोदी शुक्रवार 17 जुलाई को राजधानी रायपुर के सरोना और बालोद रेलवे स्टेशन का वर्चुअल लोकार्पण करेंगे। पीएम मोदी देशभर में कल अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत विकसित एवं नवीनीकृत रेलवे स्टेशनों का लोकार्पण कर रहे हैं, जिनमें सरोना और बालोद भी हैं। सीएम विष्णुदेव साय को रायपुर मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) दयानन्द ने उद्घाटन समारोह में शामिल होने का निमंत्रण दिया है। सीएम साय ने कहा कि सरोना एवं बालोद रेलवे स्टेशनों के अपग्रेडेशन से यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी तथा क्षेत्र की आर्थिक और सामाजिक गतिविधियों को भी नई गति प्राप्त होगी।
सीएम साय नेपीएम मोदी तथा केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रति धन्यवाद व्यक्त करते हुए कहा कि भारतीय रेलवे आज अभूतपूर्व परिवर्तन के दौर से गुजर रही है। देशभर के रेलवे स्टेशनों को आधुनिक सुविधाओं, बेहतर यात्री सेवाओं और विश्वस्तरीय अधोसंरचना से सुसज्जित किया जा रहा है, जिससे विकसित भारत के संकल्प को नई गति मिल रही है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार के समन्वित प्रयासों से छत्तीसगढ़ में आधुनिक रेल अधोसंरचना का विस्तार तेज़ी से हो रहा है। रेल संपर्क के सुदृढ़ होने से प्रदेश में निवेश, उद्योग, व्यापार और पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा तथा आम नागरिकों का आवागमन अधिक सुविधाजनक और सुरक्षित बनेगा।



