आज की खबर

नया रायपुर का क्रिकेट स्टेडियम बैन… पानी की बेतहाशा बर्बादी के कारण प्रतिबंध… देश के तीन स्टेडियमों पर सख़्त एक्शन

रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम पर प्रतिबंध लगा दिया गया है
नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (NGT) ने भूजल के बेतहाशा इस्तेमाल को देखते हुए रायपुर ही नहीं, बल्कि जयपुर और मुंबई स्टेडियमों को भी बैन किया है। इन क्रिकेट स्टेडियमों में किसी भी प्रकार की खेल गतिविधि पर एनजीटी ने अंतरिम रोक लगा दी है। यह कड़ा फैसला ट्रिब्यूनल और केंद्रीय भूजल प्राधिकरण (CGWA) के नोटिसों का लगातार जवाब न देने के कारण लिया है।

एनजीटी  ने अपने अंतरिम आदेश में जिन तीन स्टेडियमों में बिना मंजूरी के खेल गतिविधियों पर रोक लगाई है, वे हैं
शहीद वीर नारायण सिंह अंतर्राष्ट्रीय स्टेडियम, रायपुर (छत्तीसगढ़), सवाई मानसिंह (SMS) स्टेडियम, जयपुर (राजस्थान) और  डीवाई पाटिल स्टेडियम, मुंबई (महाराष्ट्र)। यह पूरा मामला स्टेडियमों में पिचों और मैदान के रखरखाव के लिए बड़े पैमाने पर भूजल (ग्राउंड वाटर) के इस्तेमाल से जुड़ा है। एनजीटी इन स्टेडियमों में एसटीपी (STP) ट्रीटेड पानी के उपयोग और वाटर हार्वेस्टिंग के जरिए भूजल रिचार्ज की संभावनाओं की जांच कर रहा है।

एनजीटी की ओर से इसी मुद्दे पर देश के 22 क्रिकेट स्टेडियमों को नोटिस जारी किए गए थे, जिनमें से अधिकांश ने अपनी रिपोर्ट दाखिल कर दी। लेकिन इन तीन स्टेडियमों को बार-बार ईमेल और स्पीड पोस्ट से नोटिस भेजे जाने और जुर्माना लगाने के बावजूद इन्होंने कोई जवाब नहीं दिया। बैन करते समय एनजीटी ने टिप्पणी की कि देश के विभिन्न हिस्सों में पानी की गंभीर किल्लत को देखते हुए स्टेडियमों से सुधारात्मक कदम उठाने की उम्मीद थी, लेकिन उन्होंने उदासीन रवैया अपनाया।

NGT के आदेश के के बाद अब  ये तीनों स्टेडियम अगली सुनवाई तक न्यायाधिकरण की अनुमति के बिना किसी भी खेल का आयोजन नहीं कर सकेंगे। इस मामले की अगली सुनवाई 17 अगस्त को तय की गई है। तब तक यह अंतरिम प्रतिबंध लागू रहेगा, जिससे आगामी घरेलू और अंतरराष्ट्रीय मैचों के शेड्यूल पर असर पड़ सकता है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button