शासन

कलेक्टर-एसपी कांफ्रेंस के तुरंत बाद मुंगेली एसपी जायसवाल हटाए गए, भोजराम पटेल होंगे नए कप्तान

सीएम विष्णुदेव साय की कलेक्टर्स-एसपी कांफ्रेंस के बाद कुछ जिलों में बड़े बदलावों की चर्चा चल रही थी, जिसकी शनिवार को शुरुआत हो गई है। राज्य शासन ने मुंगेली के एसपी आईपीएस गिरिजा जायसवाल को हटा दिया है। उनकी जगह आईपीएस भोजराम पटेल को भेजा गया है। उन्हें आज-कल में ही पदभार ग्रहण करने के लिए कह दिया गया है। चर्चा है कि जायसवाल को कबूतर कांड की वजह से हटाया गया है। इसी के साथ, कुछ और बदलावों की अटकलों को हवा मिल गई है। कई जिलों के कलेक्टर और एसपी को लेकर चर्चा है कि उन्हें बदला जा सकता है। उनके नाम यहां इसलिए नहीं दिए जा सकते, क्योंकि बात केवल चर्चाओं तक ही सीमित है।

सीएम साय ने गुरुवार को कलेक्टर्स कांफ्रेंस और शुक्रवार को एसपी कांफ्रेंस में कुछ संभागों में प्रशासनिक तथा कुछ संभागों में पुलिसिंग की कमियों को पाइंट आउट किया था। उस आधार पर संबंधित संभाग और रेंज और रेंज से नाम चर्चा में आने लगे थे। लेकिन आला अफसरों का कहना है कि सीएम साय ने पूरे संभाग और पूरी रेंज में प्रशासनिक और पुलिसिंग के कामकाज को तौला था। इसलिए यह जरूरी नहीं है कि जिस रेंज के काम को संतोषजनक बताया गया, वहां बदलाव नहीं हो सकता। आला अफसरों के मुताबिक सीएम साय ने बिलासपुर रेंज के कामकाज पर संतोष जाहिर किया था और कहा था कि सिर्फ इतने से काम नहीं चलेगा। इसलिए लग रहा था कि इस रेंज के एसपी सुरक्षित हो गए। लेकिन प्रशासनिक अमले में हैरानी है कि मुंगेली एसपी को सबसे पहले हटाया गया है, और यह जिला बिलासपुर रेंज में है। बहरहाल, मुंगेली एसपी बनाकर भेजे गए आईएएस भोजराम पटेल को कुछ अरसा पहले बटालियन में सेनानी बनाकर बीजापुर भेजा गया था। अब उन्हें मौका दिया गया है। मुंगेली से हटाए गए गिरिजा जायसवाल को बतौर डीआईजी, पुलिस मुख्यालय में पदस्थ किया गया है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button