कांग्रेस ने खुलेआम शराब और पैसे बांटने का आरोप लगाया भाजपा पर… शासनतंत्र के कथित दुरुपयोग पर भी घेरा

नगरीय निकाय चुनाव के मतदान की पूर्व संध्या पर प्रदेश कांग्रेस ने भाजपा पर सत्ता बल के दुरुपयोग का आरोप लगाया है। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज तथा संचार प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने आरोप लगाया कि प्रदेश के सभी निकायों और वार्डों में भाजपा के कार्यकर्ता आबकारी विभाग के सहयोग से शराब बांट रहे है। वार्ड प्रत्याशी आम लोगों को पर्चियां देकर शराब दुकानों से शराब दिलवा रहे है। कांग्रेस ने कहा कि बिलासपुर में भाजपा के एक वार्ड प्रत्याशी पैसा बांट रहे थे, जब जनता ने विरोध किया तो उन्होंने नोटों को नाले में फेंक दिया। रायपुर, दुर्ग, चिरमिरी में भी भाजपा नेताओं के पैसा बांटने की शिकायतें आई है।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रदेश में पुलिस कांग्रेस कार्यकर्ताओं को धमका रही है। पुलिस के द्वारा कांग्रेस कार्यकर्ताओं को जबरिया थानों में बुलाकर बिना एफआईआर के घंटों बैठाया जा रहा है। आरंग के समोदा में कांग्रेस के एक निर्विरोध चुने गये पार्षद को भाजपा के नेता धमकी दे रहे हैं। दीपक बैज और सुशील आनंद ने आरोप लगाया कि पुलिस के थाने भाजपा के मंडल कार्यालय की भांति काम कर रहे है। नगरीय निकाय चुनाव में सारी प्रजातांत्रिक मर्यादाओं का तार-तार कर दिया गया है। सरकारी कर्मचारियों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, मितानिनों को भाजपा के पक्ष में मतदान करने धमकाया जा रहा है।