भाजपा का घोषणापत्र बना अटल विश्वासपत्र… पट्टे वालों को बनाएंगे जमीन मालिक… महिलाओं की संपत्ति के कर में 25% छूट… UPSC mains पास करने पर 1 लाख रु. कैश

छत्तीसगढ़ के सीएम विष्णुदेव साय और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने प्रदेश में नगरीय निकाय चुनावों के लिए सोमवार को शाम 4 बजे पार्टी का घोषणापत्र जारी कर दिया। इसे “अटल विश्वास पत्र” नाम दिया गया है। भाजपा के केंद्रीय कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में अटल घोषणापत्र को जारी करते हुए सीएम साय ने बताया कि इसे अटलजी की 100 वीं जयंती और ‘अटल निर्माण वर्ष’ के अवसर पर उन्हें समर्पित किया गया है। यह शहरों के भविष्य को तय करने का संकल्प है। इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने कहा कि घोषणापत्र को तैयार करने के लिए हमने प्रदेशवासियों से सुझाव मांगे और हमें हजारों सुझाव मिले। इनमें से महत्वपूर्ण सुझावों को घोषणापत्र समिति ने शामिल किया। घोषणापत्र समिति के प्रदेश संयोजक एवं विधायक अमर अग्रवाल ने कहा कि अटल विश्वास पत्र प्रदेश के सीएम साय की उपस्थिति में पूरे छत्तीसगढ़ की जनता को समर्पित है। अटल विश्वास पत्र के विमोचन में डिप्टी सीएम अरुण साव, घोषणापत्र समिति के सहसंयोजक सुनील सोनी तथा विधायकों के साथ-साथ दीपक म्हस्के, पंकज झा, अमित चिमनानी, अम्बिका यदु, शशांक शर्मा, उज्जवल दीपक, हेमंत पाणिग्रही और नरेशचंद्र गुप्ता उपस्थित रहे।
अटल विश्वासपत्र में भाजपा के महत्वपूर्ण वादे
- नजूल भूमि के सभी पट्टा धारकों को भू- स्वामी बनाएंगे।
- बिजली बिल, समेकित कर पटाने वालों को आवास बनाने की पात्रता।
- महिलाओं के नाम पर दर्ज संपत्तियों पर प्रॉपर्टी कर में 25% की छूट।
- हर माह 7 तारीख से पहले संपत्ति कर देने वालों को 10% विशेष छूट।
- यूपीएससी (MAINS) पास वालों को ₹1 लाख की प्रोत्साहन राशि।
- विद्यालयों, महाविद्यालयों में मुफ्त वाई-फाई की सुविधा सुनिश्चित करेंगे।
- स्ट्रीट वेंडर्स को पीएम स्वनिधि से ₹30,000 की वित्तीय सहायता देंगे।
- पुराने संपत्ति कर का एकमुश्त निपटान बिना ब्याज और जुर्माने के।
- ‘गोकुल नगर’ का विस्तार, ताकि गोवंश संरक्षण बेहतर कर सकें।
- प्रमुख नगरीय निकाय में नालंदा परिसर जैसा अध्ययन केंद्र होगा।