भाजपा ने कांग्रेस घोषणापत्र को बताया कापी पेस्ट… मंत्री केदार बोले- ये दिवालिया बैंक के चेक जैसा… भूपेश बघेल की पोस्ट पर शिवरतन का वार
छत्तीसगढ़ के मंत्री केदार कश्यप ने कांग्रेस के घोषणापत्र को भाजपा के अटल विश्वासपत्र का आधा कापी पेस्ट और आधा टोटल वेस्ट करार दिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा के घोषणा पत्र में पहले से ही मौजूद कुछ वादों को कांग्रेस ने हूबहू कॉपी किया है। इससे कांग्रेस पार्टी के कथित वैचारिक दीवालिएपन का प्रमाण जनता को मिल गया है। कांग्रेस के पास भ्रष्टाचार के अलावा और किसी बात का विजन नहीं है।
केदार कश्यप ने कांग्रेस के घोषणा पत्र के हर एक वादे पर पर कटाक्ष किया है। उन्होंने कहा कि तालाबों का संरक्षण व सौदर्यीकरण की बात हो या वाय-फाय, सीसीटीवी आदि की सम्पति कर, समेकित कर एवं जल उपभोक्ता शुल्क आदि की, सैनिटरी नैपकिन या अन्य वादे या तो भाजपा के घोषणापत्र की नकल हैं, या फिर वे वादे हैं जो कांग्रेस ने 2019 के घोषणा पत्र में भी किये थे, जिसे सभी निकायों पर जबरन कब्जे के बाद भी नहीं कर पायी थी। श्री कश्यप ने कहा कि इन दोनों कॉपी पेस्ट के अलावा शेष सभी वेस्ट है, जिसका नगर के विकास से कोई लेना देना नहीं है। मंत्री कश्यप ने कहा कि केंद्र और राज्य दोनों जगह भाजपा की सरकार है, विकास के सारे कार्य करने की नीयत और क्षमता दोनों भाजपा के पास ही है। कांग्रेस का घोषणा पत्र वास्तव में ढकोसला पत्र है। वह एक दिवालिया हो चुकी बैंक का पोस्ट डेटेड चेक है।
नितिन नबीन पर टिप्पणी, शिवरतन का कड़ा ऐतराज
प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष शिवरतन शर्मा ने पूर्व सीएम भूपेश बघेल की भाजपा प्रदेश प्रभारी नितिन नबीन को लेकर की गई पोस्ट और अशालीन और अनर्गल बताते हुए कड़ा ऐतराज जताया है। शिवरतन ने कहा कि लगातार हार और नगरीय निकाय चुनाव में पराजय की आशंका से भूपेश बघेल का मानसिक संतुलन बिगड़ चुका है। भाजपा के प्रदेश प्रभारी श्री नितिन नबीन के बारे में व्यक्त बघेल के विचार कतई स्वीकार नहीं किए जा सकते। राजनीतिक विमर्श में ऐसी भाषा की कोई जगह नहीं होना चाहिए। शिवरतन ने कहा कि भाजपा के प्रदेश प्रभारी नितिन नबीन का पार्टी के एक-एक कार्यकर्ता से संपर्क है और उन्होंने पार्टी को मजबूत किया है। उपाध्यक्ष शिवरतन शर्मा ने भूपेश बघेल को सलाह दी है कि उन्हें आत्मचिंतन करना चाहिए और बौखलाहट में आपा खोने के बजाय अपनी भूलों को स्वीकार करते हुए सुधार करना चाहिए।