सीएम का वीडियो एडिट कर छवि धूमिल करने का आरोप… भाजपा ने रायपुर एसएसपी से की शिकायत, एफआईआर की मांग

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के संबोधन के वीडियो से छेड़छाड़ एवं एडिट कर उनकी छवि धूमिल करने की साज़िश का आरोप लगाते हुए भाजपा ने ऐसा करने वालों के खिलाफ पुलिस में रिपोर्ट कर दी है। रायपुर एसएसपी डॉ लाल उमेद सिंह से इस आशय की शिकायत करने के लिए रायपुर शहर अध्यक्ष रमेश सिंह ठाकुर के नेतृत्व में भाजपा का प्रतिनिधिमंडल आज एसपी कार्यालय पहुँचा। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता अमित चिमनानी के अनुसार प्रतिनिधि मंडल ने एसएसपी को बताया कि सीएम साय 2 दिसम्बर को जिलास्तरीय वार्षिक सामाजिक सम्मेलन एवं सामाजिक भवन लोकार्पण कार्यक्रम में सम्मिलित होने बोईरदादर रायगढ़ गए थे। उन्होंने जनता एवं किसानों को संबोधित करते हुए कहा था कि आने वाले समय में यदि आदिवासी समाज के बेटा-बेटी अपना कोई उद्योग धंधा शुरू करते हैं तो उन्हें एक रुपए एकड़ में जमीन मुहैया कराई जाएगी। लेकिन रायगढ़ लोकसभा क्षेत्र की एक महिला ने अपनी फेसबुक आई.डी के जरिये भाषण को तोड़-मरोड़कर, एडिट कर सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफार्म पर वायरल किया। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि इससे जनता में गलत संदेश जा रहा है।
भाजपा प्रतिनिधि मंडल ने बताया कि इसी प्रकार एक और फेसबुक पेज से भी उक्त वीडियो को छेड़छाड़ कर, एडिट कर वायरल किया गया है। उक्त दोनों वीडियो के वायरल होने से छत्तीसगढ़ की जनता, किसान और आदिवासी समाज काफी रुष्ट है और उनकी भावनाओं को ठेस पहुँची है। सीएम साय की छवि धूमिल करने के उद्देश्य से वायरल किये गये एडिट वीडियो के पीछे प्रदेश की विपक्षी राजनीतिक पार्टियों की साजिश हो सकती है, जिसकी जाँच कर मामले की तह तक जाना आवश्यक है। भाजपा ने उक्त दोनों तथा साजिश में शामिल अन्य आरोपियों के विरुद्ध अपराध पंजीबद्ध कर ठोस कार्रवाई की मांग की है।
भाजपा के शहर अध्यक्ष रमेश ठाकुर ने आरोप लगाया कि सीएम विष्णुदेव साय के वीडियो में छेड़छाड़ कर उनकी छवि धूमिल करने का प्रयास कांग्रेस कर रही है। जबकि उन्हीं कि नेतृत्व विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है जो कांग्रेस को पसंद नहीं आ रहा है। प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश प्रवक्ता चिमनानी के अतिरिक्त शताब्दी पांडेय, डॉ. किरण बघेल,विधि प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक बृजेश पांडे, प्रकोष्ठ से रिसिराज पिठवा, अंजनेश शुक्ला, जिला महामंत्री अमित मैशरी, गुंजन प्रजापति, जिला उपाध्यक्ष सत्यम दुवा, अकबर अली, नवीन शर्मा, जिला प्रवक्ता शिवजलम दुबे, पुष्पेन्द्र उपाध्याय, राजकुमार राठी, अर्पित सूर्यवंशी, वंदना राठौर,वासु शर्मा, रविन्द्र सिंह सहित कार्यकर्ता और पदाधिकारी उपस्थित थे।



