रायपुर में कांग्रेस ने निकाला संविधान रक्षा मार्च… प्रदेश प्रभारी भगत के साथ सैकड़ों इस रैली में… संविधान की रक्षा का संकल्प


संविधान दिवस पर आज 26 नवंबर को छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने राजधानी रायपुर में प्रदेशस्तरीय ‘संविधान रक्षा मार्च’ (संविधान बचाओ रैली) निकाला।अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) के आह्वान पर आयोजित यह मार्च पार्टी के ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान का हिस्सा है।
संविधान बचाओ मार्च में शामिल होने के लिए छत्तीसगढ़ कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी सुखदेव भगत अपने दो दिवसीय दौरे पर रायपुर पहुंचे और कमान संभाली। उनके साथ बड़ी संख्या में वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए। यह मार्च सुबह 11:00 बजे रायपुर के ऐतिहासिक गांधी मैदान से शुरू हुआ। वहां से यह छत्तीसगढ़ हाउस, नगर निगम कार्यालय, महिला थाना चौक और मोतीबाग होते हुए डॉ. भीमराव अंबेडकर चौक पर जाकर संपन्न हुआ।
मार्च के दौरान वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि आज संविधान पर लगातार हमले हो रहे हैं और इसकी रक्षा करना हर नागरिक की जिम्मेदारी है।
इधर, पार्टी सूत्रों ने बताया कि प्रदेश प्रभारी सुखदेव भगत अपने दौरे के दूसरे दिन यानी 27 नवंबर को रायपुर में प्रदेश कांग्रेस के नेताओं के साथ संगठनात्मक बैठक करेंगे, जिसमें पार्टी की आगामी रणनीति और गतिविधियों पर चर्चा होगी।



