आज की खबर

रायपुर बच्चा बिक्री गैंग : लड़का 8-12 लाख, लड़की 4-6 लाख रुपए में बेच रहे थे… राजधानी से शिशु बरामद, ख़रीदार अरेस्ट

राजधानी रायपुर में पकड़े गए बच्चा बिक्री गैंग के बारे में बड़े खुलासे हो रहे हैं। आज सोमवार को पुलिस ने इस केस में बच्चा खरीदने वाले युवक जितेंद्र खेतान को कबीरनगर इलाके से गिरफ्तार का लिया है। उसने बच्ची खरीदी थी, जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया है। इसे मिलाकर अब तक गैंग में शामिल मेन ऑपरेटर कृतिका, अहिल्या और गीता, एक डॉक्टर, एक मेल नर्स और पैसों का लेन-देन संभालने वाले युवक (अश्वनी शर्मा) समेत अब तक 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इन्ही से पूछताछ में खुलासा हुआ कि यह गिरोह आर्थिक रूप से कमजोर और अविवाहित गर्भवती महिलाओं को निशाना बनाकर उनके नवजात बच्चों को नि:संतान दंपत्तियों को 4 लाख से 12 लाख रुपये में बेच रहा था। गिरोह लड़के के लिए 8-12 लाख और लड़की के लिए 4-6 लाख रुपये तक में सौदा करता था।

रायपुर पुलिस ने इस मामले में दो चरणों में कार्रवाई की है। पहले चरण में गिरोह की मास्टरमाइंड बताई जा रही कृतिका साहू (34), अहिल्या नामदेव (40) और गीतिका/दीपिका नाग (36) को गिरफ्तार किया गया। इसके बाद जांच आगे बढ़ने पर डॉक्टर खीरसिंधु महानंद, नर्सिंग ऑफिसर प्रकाश कुमार कौरव और रुपयों का लेन-देन संभालने वाले युवक अश्वनी शर्मा को गिरफ्तार किया गया। कोर्ट ने मुख्य आरोपी कृतिका साहू को 2 दिसंबर तक न्यायिक हिरासत (जेल) में भेज दिया है।

ओडिशा के सुंदरगढ़ की रहने वाली एक आर्थिक रूप से कमजोर गर्भवती महिला को मुफ्त इलाज और प्रसव का झांसा देकर रायपुर बुलाया गया था। 4 नवंबर 2026 को प्रसव के बाद आरोपियों ने मां और नवजात शिशु को अहिल्या नामदेव के घर में बंधक बना लिया और प्रसव के खर्च की भरपाई के नाम पर बच्चे को बेचने का दबाव बनाया। पीड़िता ने किसी तरह बचकर आजाद चौक थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद इस पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश हुआ।

केस की जांच में चौंकाने वाला खुलासा यह भी हुआ कि रायपुर के संबंधित अस्पताल में 2026 में केवल 3 वास्तविक डिलीवरी हुई थीं, लेकिन अस्पताल की सील और फर्जी डिस्चार्ज टिकट का उपयोग करके 26 जन्म प्रमाण पत्र जारी किए गए। जन्म प्रमाण पत्र में सीधे बच्चे को खरीदने वाले दंपत्ति का नाम माता-पिता के रूप में दर्ज कराया जा रहा था।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button