छत्तीसगढ़ में 40 दिन से जारी पटवारियों की हड़ताल सीएम से आश्वासन के बाद खत्म… सभी कल सोमवार से लौटेंगे काम पर
छत्तीसगढ़ पटवारी संघ ने आज 22 नवंबर को सीएम विष्णुदेव साय से बातचीत और मांगों को लेकर आश्वासन के बाद 40 दिन से चल रही अपनी राज्यव्यापी हड़ताल ख़त्म करने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री निवास में रविवार को पटवारी संघ के पदाधिकारियों की सीएम साय से औपचारिक मुलाकात हुई। पटवारी संघ के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री को अपनी मांगों की विस्तृत जानकारी दी। उनकी समस्याओं को सुनने के बाद सीएम साय ने स्पष्ट कहा कि कर्मचारियों की उचित मांगों का समाधान संवाद और आपसी समझ से ही होना चाहिए। उन्होंने टवारियों की वेतन विसंगति एवं पदोन्नति संबंधी मांगों के परीक्षण के लिए उच्चस्तरीय समिति गठित करने के निर्देश दिए। यह समिति संबंधित मांगों के विभिन्न पहलुओं का परीक्षण कर उनके निराकरण के संबंध में अपनी अनुशंसाएं प्रस्तुत करेगी।
पटवारी संघ को सीएम साय ने हड़ताल अवधि में हुई कार्यवाहियों के सम्बन्ध में सहानुभूतिपूर्वक विचार करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान संवाद और आपसी समझ के माध्यम से किया जाना चाहिए। राज्य सरकार कर्मचारियों की उचित मांगों और समस्याओं के निराकरण के प्रति संवेदनशील है। छत्तीसगढ़ पटवारी संघ के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री श्री साय द्वारा उनकी मांगों पर सकारात्मक रुख अपनाने तथा उच्चस्तरीय समिति गठित करने के निर्देश दिए जाने पर मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया है ।



