गृहमंत्री शाह ने “अर्नब” का असर जानने फ़ोन किया, पूरी मदद का वादा… सीएम साय ने इसके लिए जताया आभार
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आज सीएम विष्णु देव साय को फ़ोन कर ‘अर्नब’ तूफ़ान के छत्तीसगढ़ पर असर और हालात की जानकारी ली। सीएम ने उन्हें प्रदेश की परिस्थितियों से अवगत कराया और कहा कि प्रदेश में बारिश हो रही है, लेकिन अभी तक कहीं से भी बाढ़ की स्थिति अथवा जन हानि की सूचना नहीं है। राज्य सरकार किसी भी संभावित परिस्थिति से निपटने के लिए सतर्क है। गृहमंत्री शाह ने सीएम को आश्वस्त किया के केंद्र सरकार किसी भी मामले में छत्तीसगढ़ का पूरा सहयोग करेगी।
सीएम साय ने अर्नब प्रभावित राज्यों को हरसंभव सहायता का आश्वासन देने के लिए केंद्रीय गृह मंत्री शाह का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रदेशवासियों की सुरक्षा राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। संबंधित विभागों और जिला प्रशासन के समन्वय से आवश्यक सतर्कता बरती जा रही है, ताकि जरूरत पड़ने पर तत्काल राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित किए जा सकें।
उल्लेखनीय है कि केंद्रीय गृह मंत्री शाह ने छत्तीसगढ़ सहित आंध्रप्रदेश, ओडिशा और पुडुचेरी के मुख्यमंत्रियों से चर्चा कर चक्रवात की स्थिति की जानकारी ली है। उन्होंने प्रभावित राज्यों को केंद्र सरकार की ओर से हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया है।



