रायपुर, दुर्ग और बस्तर संभागों में अर्नब तूफान का असर कम… अब केवल बूंदाबांदी या एकाध बार हल्की वर्षा… कल से छंटेंगे बादल

छत्तीसगढ़ में बंगाल की खाड़ी से उठे चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ (Cyclone Arnab) का असर अब धीमा होने लगा है। रायपुर, दुर्ग और बस्तर संभागों में बारिश हल्की हो रही है। मौसम विभाग के पूर्व उपमहानिदेशक और वरिष्ठ मौसम विज्ञानी एमएल साहू के अनुसार 28 और आज 29 अक्टूबर को हुई लगातार बारिश के बाद अब इन क्षेत्रों में केवल हल्की बूंदाबांदी या मध्यम बारिश ही होगी। कल शुक्रवार को धूप निकली तो शाम को स्थानीय प्रभाव से गरज-चमक के साथ वर्षा की संभावना है। यह कहा जा सकता है कि छत्तीसगढ़ के अधिकांश हिस्सों में अर्नब तूफान का असर कम हो रहा है।
इधर, मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमानों के अनुसार आगामी 24 घंटों में छत्तीसगढ़ से इस चक्रवात का प्रभाव पूरी तरह समाप्त होने की संभावना है। जिससे कल (30 अक्टूबर) से राज्य के अधिकांश हिस्सों में आसमान साफ होने लगेगा।रायपुर और दुर्ग संभाग के जिलों में जो रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किए गए थे, उनमें अब राहत है। लगातार हो रही भारी बारिश अब थम चुकी है और केवल ठंडी हवाओं के साथ हल्की बौछारें पड़ रही हैं।
घने बादलों और बारिश के चलते दिन के अधिकतम तापमान में सामान्य से 4 से 5 डिग्री तक की भारी गिरावट दर्ज की गई है। जिससे प्रदेश में समय से पहले ही हल्की ठंड का अहसास होने लगा है। आसमान साफ़ होने के बात शुक्रवार को कोहरा और शनिवार रात को न्यूनतम तापमान में कमी यानी ठंड बढ़ने की संभावना है।



