आज की खबर

ध्वजारोहण वीडियो : अजय चंद्राकर ने सुप्रिया श्रीनेत-नेहा राठौर पर अदालत में आपराधिक मानहानि का केस लगाया

वरिष्ठ भाजपा नेता और कुरुद विधायक अजय चंद्राकर ने कांग्रेस राष्ट्रीय प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत और लोक गायिका व सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर नेहा सिंह राठौर के खिलाफ धमतरी जिला कोर्ट में मानहानि का परिवाद (केस) दायर कर दिया है। वे आज मंगलवार को बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ कोर्ट पहुंचे और यह कानूनी कदम उठाया। उन्होंने दोनों के खिलाफ आपराधिक मानहानि का परिवाद (Defamation Case) दायर कर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

बता दें कि यह मामला उस वीडियो से शुरू हुआ, जिसमें अजय चंद्राकर भाजपा का झंडा फहराते नजर आ रहे थे। स्वतंत्रता दिवस के दौरान यह वीडियो सोशल मीडिया पर इस दावे के साथ शेयर किया गया कि 15 अगस्त को चंद्राकर ने तिरंगे की जगह भाजपा का झंडा फहराया। बाद में पुलिस की जांच में वीडियो को 15 अगस्त 2026 का नहीं, बल्कि 22 मार्च 2026 को कुरूद में हुए भाजपा के प्रशिक्षण कार्यक्रम से जुड़ा बताया गया। चंद्राकर ने भी उस समय वीडियो को पुराना बताते हुए कहा था कि स्वतंत्रता दिवस पर उन्होंने तिरंगा ही फहराया था।

इसी मामले में धमतरी पुलिस ने भुनेश्वर निराला और राकेश निराला को गिरफ्तार कर बताया कि दोनों युवकों ने पुराने वीडियो को डाउनलोड कर एडिट किया और उसे स्वतंत्रता दिवस से जोड़कर सोशल मीडिया पर प्रसारित किया। दोनों को 18 अगस्त को गिरफ्तार किया गया था। पुलिस ने उनके मोबाइल फोन जब्त किए। पूछताछ के बाद दोनों को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।

इधर, इस वीडियो को प्रसारित कर राजनीतिक तनाव व वैमनस्यता फैलाने के आरोप में भाजपा प्रदेश प्रवक्ता उज्ज्वल दीपक ने रायपुर के सिविल लाइन थाने में सुप्रिया श्रीनेत, नेहा सिंह राठौर और सोशल मीडिया हैंडल ‘@GenZ_of_India’ के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं के तहत FIR दर्ज की थी।एफआईआर के बाद, अब खुद विधायक अजय चंद्राकर ने अपनी और पार्टी की छवि धूमिल करने के विरोध में धमतरी जिला न्यायालय का रुख किया है। चंद्राकर का आरोप है कि भाजपा के एक पुराने प्रशिक्षण कार्यक्रम का वीडियो 15 अगस्त का बताकर सोशल मीडिया पर प्रसारित किया गया, जिससे उनकी सार्वजनिक छवि को नुकसान पहुंचाने की कोशिश हुई। बहरहाल, चंद्राकर की मानहानि याचिका के बाद अदालत में भी इस विवाद से जुड़े पक्ष और दलीलें सामने आएंगी।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button