छत्तीसगढ़ में हनुमान अंश टैक्स फ्री… सीएम साय ने फ़िल्म देखने के बाद की घोषणा

छत्तीसगढ़ के सीएम विष्णुदेव साय ने गुरुवार, 10 सितंबर को देर रात सनातन संस्कृति और बाबा नीम करौली के जीवन पर आधारित सुपरहिट फिल्म ‘हनुमान अंश’ (Hanuman Ansh) को राज्य में टैक्स फ्री (Tax-Free) करने की बड़ी घोषणा की है। सीएम साय ने अपने मंत्रिमंडल के सदस्यों, सांसदों और विधायकों के साथ सपरिवार इस फिल्म को देखा और इसके तुरंत बाद इसे मनोरंजन कर से मुक्त करने का ऐलान किया।
सीएम साय ने फिल्म की सराहना करते हुए कहा कि यह फिल्म भक्ति, सनातन मूल्यों और सांस्कृतिक चेतना को बढ़ावा देती है। इसे समाज के हर वर्ग, विशेषकर परिवारों और बच्चों को जरूर देखना चाहिए। फिल्म के टैक्स फ्री होने से छत्तीसगढ़ के सिंगल स्क्रीन थिएटर्स और मल्टीप्लेक्स में टिकट के दाम कम हो जाएंगे, जिससे आम जनता आसानी से इस फिल्म को देख सकेगी।
छत्तीसगढ़ से पहले उत्तराखंड में भी सीएम पुष्कर सिंह धामी इस फिल्म को टैक्स फ्री कर चुके हैं। इसके अलावा मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और झारखंड में भी इसे टैक्स फ्री करने की मांग लगातार तेज हो रही है। बता दें कि मात्र ₹2 करोड़ के छोटे बजट में बनी इस आध्यात्मिक ड्रामा फिल्म ने बेहतरीन ‘वर्ड ऑफ माउथ’ की बदौलत देशभर में 160 करोड़ रुपए से ज्यादा का कलेक्शन कर लिया है।



