यूपी में डॉन रहे अतीक अहमद के बेटे अबान की भीषण सड़क हादसे में मौत… झांसी के पास हादसे में दोस्त भी मारा गया, 3 घायल
पूर्व सांसद और बाहुबली नेता अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे आबान अहमद की आज गुरुवार, 6 अगस्त को उत्तरप्रदेश के झांसी में एक भीषण सड़क हादसे में मौत हो गई है। यह दुर्घटना कानपुर-झांसी हाईवे पर झांसी के पूंछ थाना क्षेत्र के अंतर्गत खिल्ली गांव के पास सुबह करीब 11 बजे हुई। पुलिस जांच और चश्मदीदों के मुताबिक कार काफी तेज रफ्तार में थी. अचानक सामने आए किसी जानवर या बाइक सवार को बचाने के चक्कर में कार अनियंत्रित होकर हाईवे के डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि क्रेटा कार का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया।
पुलिस ने बताया कि आबान अपने कुछ दोस्तों के साथ प्रयागराज से झांसी जेल में बंद अपने दूसरे नंबर के भाई अली अहमद से मिलने जा रहा था। हादसे में आबान अहमद के अलावा और उसके एक साथी सोनू (रज्जाक अहमद का बेटा) की भी मौके पर ही मौत हुई। कार में कुल 5 लोग सवार थे. हादसे में मोहम्मद जैद और उमर समेत तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनका नजदीकी अस्पताल में इलाज चल रहा है।



