आज की खबर

रायपुर एसीआई के डॉक्टरों ने की किडनी की गंभीर मरीज की एंजियोप्लास्टी… IVUS तकनीक का पहला उपयोग, मरीज़ स्वस्थ

छत्तीसगढ़ के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल डॉ. भीमराव अम्बेडकर हॉस्पिटल रायपुर से संबद्ध एडवांस्ड कार्डियक इंस्टीट्यूट (एसीआई) के विशेषज्ञों ने किडनी की गंभीर समस्या से पीड़ित मरीज़ की आईवीयूएस (IVUS) तकनीक से एंजियोप्लास्टी करने में बड़ी कामयाबी हासिल की है।  कार्डियोलॉजी एचओडी डॉ. स्मित श्रीवास्तव के नेतृत्व में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने गुर्दे (किडनी) की समस्या केअत्यधिक जोखिम से ग्रस्त एक महिला मरीज की राइट कोरोनरी आर्टरी (RCA) की सफल आईवीयूएस (IVUS) गाइडेड अल्ट्रा-लो कंट्रास्ट एंजियोप्लास्टी की।

डॉ श्रीवास्तव के अनुसार- इस प्रक्रिया के दौरान केवल 4 मिलीलीटर कंट्रास्ट डाइ का उपयोग किया गया। जबकि सामान्य एंजियोप्लास्टी में 80 से 150 एमएल तक कंट्रास्ट डाइ की आवश्यकता होती है। यह जटिल प्रक्रिया इंट्रावैस्कुलर अल्ट्रासाउंड (IVUS) तकनीक से की गई। इस तकनीक में रक्त वाहिका के भीतर विशेष अल्ट्रासाउंड कैथेटर के माध्यम से धमनी की आंतरिक संरचना, ब्लॉकेज की गंभीरता तथा स्टेंट के आकार एवं उसकी सटीक स्थिति का वास्तविक समय में आकलन किया जाता है। इसके कारण न्यूनतम कंट्रास्ट डाइ का उपयोग करते हुए भी स्टेंट को अत्यंत सटीकता और सुरक्षा के साथ प्रत्यारोपित किया जा सका।

डॉ. स्मित श्रीवास्तव ने बताया कि सामान्य एंजियोप्लास्टी में प्रयुक्त आयोडीन युक्त कंट्रास्ट डाइ से कंट्रास्ट-इंड्यूस्ड एक्यूट किडनी इंजरी (Contrast-Induced Acute Kidney Injury) का खतरा रहता है, विशेषकर उन मरीजों में जिनकी किडनी पहले से प्रभावित होती है। ऐसे मरीजों के लिए आईवीयूएस (IVUS) गाइडेड अल्ट्रा-लो कंट्रास्ट अथवा जीरो-कंट्रास्ट एंजियोप्लास्टी सुरक्षित और प्रभावी विकल्प है। उन्होंने बताया कि केवल चार एम एल (4 ML) कंट्रास्ट का उपयोग कर पूरी प्रक्रिया सफलतापूर्वक संपन्न करना उपचार की एक एक अत्यंत आधुनिक तकनीक है।

मेडिकल कॉलेज रायपुर के डीन डॉ. विवेक चौधरी ने कहा कि आधुनिक IVUS इमेजिंग तकनीक के माध्यम से जटिल हृदय रोगों का उपचार अब पहले से अधिक सुरक्षित, सटीक और प्रभावी ढंग से किया जा सकता है। एडवांस्ड कार्डियक इंस्टीट्यूट लगातार नई तकनीकों को अपनाते हुए मरीजों को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में अग्रणी भूमिका निभा रहा है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button