छत्तीसगढ़ : तेंदुआ आधी रात घर में घुसा तो निहत्थे भिड़े दो युवक… लंबे संघर्ष में तेंदुए की मौत, युवक लहूलुहान पर सुरक्षित
धमतरी में नगरी के कर्राघाटी गांव के घर में शुक्रवार को रात करीब 1 बजे अंजोर सिंह के घर में तेंदुआ घुस गया। तेंदुए को देख घरवाले घबरा गए और बाहर भागने लगे। चीख-पुकार सुनकर पड़ोस के दो युवक मदद के लिए वहाँ पहुंचे। युवकों को लगा कि तेंदुआ बाहर भाग चुका है, लेकिन वह घर के अंदर ही छिपा हुआ था। अचानक तेंदुए ने दोनों युवकों पर हमला कर दिया। खुद को बचाने के लिए दोनों युवक तेंदुए से गुत्थमगुत्था हुए। तीनों में काफी देर तक कड़ा संघर्ष चला। युवकों ने तेंदुए को मार-मारकर बेहोश कर दिया लेकिन वे भी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। उनके सिर और शरीर पर चोटें आई हैं। घटना के तुरंत बाद दोनों को नगरी के सिविल अस्पताल (प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र) में भर्ती कराया गया, जहाँ उनका इलाज जारी है। इधर, रात में संघर्ष के बाद जब सुबह वन विभाग की टीम मौके पर मुआयना करने पहुँची, तो वह तेंदुआ उसी घर के अंदर मृत अवस्था में मिला।
वन विभाग के अधिकारियों ने अस्पताल पहुँचकर घायल ग्रामीणों का हाल जाना और विभाग की तरफ से उन्हें तत्काल आर्थिक सहायता राशि प्रदान कर दी है। तेंदुए का शव कब्जे में ले लिया गया है। वन विभाग की टीम और अधिकारी मौके पर मौजूद हैं। घायलों और उनके परिजनों से पूछताछ की जा रही है। शुरुआती तौर पर माना जा रहा है कि आपसी संघर्ष की वजह से ही तेंदुए की मौत हुई है, हालांकि मौत के असली कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगी। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है, हालांकि युवकों की बहादुरी भी चर्चा में है।



