कश्मीर में छत्तीसगढ़ के दो श्रमिकों की नाम पूछकर हत्या… आतंकियों ने कुलगाम के ईंट भट्ठे पर की टारगेट किलिंग
आतंकवादियों ने कश्मीर के कुलगाम जिले में छत्तीसगढ़ के दो मजदूरों की नाम पूछकर गोली मारकर हत्या कर दी है। यह कायराना हमला शुक्रवार, 31 जुलाई को देर शाम दक्षिण कश्मीर के केलम इलाके में हुआ। दोनों मजदूरों ने अनंतनाग मेडिकल कॉलेज अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। सीएम विष्णुदेव साय ने इस वारदात पर गहरी पीड़ा व्यक्त करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है।
रिपोर्ट्स के अनुसार यह हमला कुलगाम के केलम इलाके में एक ईंट-भट्ठे पर हुआ। मारे गए दोनों मजदूर दीपक रात्रे और भूपेंद्र वर्मा छत्तीसगढ़ के रहने वाले थे और 20 से 30 वर्ष की उम्र के थे। स्थानीय मीडिया के अनुसार आतंकियों ने पहले मजदूरों को रोका, उनका नाम और पहचान पूछी, और गैर-कश्मीरी हिंदू होने की पुष्टि होने के बाद उन पर गोलियां बरसा दीं। दीपक की मौत शुक्रवार को अस्पताल ले जाते समय हो गई थी। दूसरे मजदूर भूपेंद्र ने आज शनिवार को इलाज के दौरान दम तोड़ा।
हमले के तुरंत बाद सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी गई है। आतंकियों को पकड़ने के लिए बड़े पैमाने पर सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। शुरुआती इनपुट्स के अनुसार इस टारगेट किलिंग के पीछे आतंकी संगठन द रेजिस्टेंस फ्रंट (TRF) या लश्कर-ए-तैयबा का हाथ होने की आशंका जताई जा रही है। जम्मू-कश्मीर के सीएम उमर अब्दुल्ला ने इस घटना पर गहरा दुख जताया है और पीड़ित परिवारों के लिए 16-16 लाख रुपये के मुआवजे की घोषणा की है।



