आज की खबर
क्या आपके फ़ोन पर भी तेज़ सायरन बजा… घबराइए नहीं, ये कोई फ्रॉड मैसेज नहीं है… मौसम का गंभीर अलर्ट ऐसे ही आएगा
क्या सोमवार को शाम 6 बजे आपके मोबाइल फ़ोन पर भी तेज़ सायरन बजा है। छत्तीसगढ़ में रायपुर समेत आधा दर्जन जिलों में अचानक फ़ोन पर बजे इस सायरन से लोग चौंके हैं। मोबाइल पर अचानक तेज सायरन बजना और भारी बारिश का संदेश आना भारत सरकार (NDMA) और मौसम विभाग (IMD) का एक आधिकारिक इमरजेंसी अलर्ट (Wireless Emergency Alert) है, जिससे घबराने की बिल्कुल जरूरत नहीं है। यह सिस्टम आपदा या खराब मौसम के समय आपकी सुरक्षा के लिए पहले से सतर्क करने का काम करता है। रायपुर के मोबाइल पर इस सायरन के साथ रायपुर, दुर्ग और सरगुजा संभाग के कई जिले में अगले 3 घंटे में भारी बारिश का अलर्ट आया है।
मोबाइल पर अलर्ट आने के बारे में हम आपको बता दें कि यह राष्ट्रीय आपदा प्रबन्धन प्राधिकरण द्वारा भेजा गया लाइव अलर्ट है, ताकि बाढ़ या भारी बारिश में लोग सुरक्षित रहें। इस अलर्ट के दौरान आपका फ़ोन साइलेंट मोड पर होने के बाद भी तेज आवाज में बजा है ताकि आपका ध्यान तुरंत इस पर जाए। अफ़सरों ने बताया कि यह कोई हैकिंग या फ्रॉड मैसेज नहीं है, बल्कि सरकारी सेल ब्रॉडकास्ट सेवा है।



