भ्रामक खबरें चिंता का विषय, पत्रकारिता में तथ्य और संतुलन ज़रूरी … प्रेस क्लब में बोले आईएएस बंसल
राजधानी रायपुर प्रेस क्लब के ‘हमर पहुना’ कार्यक्रम में शुक्रवार को मीडिया की चुनौतियों, लगातार बदलता सामाजिक परिवेश और जिम्मेदार पत्रकारिता को लेकर गंभीर मंथन हुआ है। डिजिटल युग में तेजी से बदलते मीडिया परिदृश्य के बीच पत्रकारिता की विश्वसनीयतापर जनसंपर्क आयुक्त रजत बंसल ने कहा कि ‘अटेंशन की होड़ में मिसलीडिंग (भ्रामक) खबरों का बढ़ना लोकतंत्र और समाज दोनों के लिए चिंता का विषय है।’

आयुक्त बंसल ने कहा कि सोशल मीडिया के दौर में तथ्यपरक, संतुलित और ज़िम्मेदार पत्रकारिता ही मीडिया की सबसे बड़ी ताकत है। वे रायपुर प्रेस क्लब के ‘हमर पहुना’ कार्यक्रम में पत्रकारों से संवाद कर रहे थे। जहां रायपुर नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा तथा प्रेस क्लब अध्यक्ष मोहन तिवारी भी उपस्थित थे।
कार्यक्रम में वरिष्ठ पत्रकारों ने भी मीडिया और जनसंपर्क विभाग के बीच बेहतर समन्वय, पारदर्शिता और सतत संवाद को लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूती के लिए आवश्यक बताया। प्रेस क्लब के पदाधिकारियों और पत्रकारों की उपस्थिति में प्रेस क्लब के विकास को लेकर भी सार्थक बातचीत हुई है।


