आज की खबर
महादेव सट्टा ऐप का मास्टरमाइंड सौरभ चंद्राकर ओमान में गिरफ्तार… खबर से ED और CBI अलर्ट, प्रत्यर्पण की तैयारी तेज
महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप का मेन ऑपरेटर सौरभ चंद्राकर ओमान में गिरफ्तार कर लिया गया है। उस पर फर्जी इंडोनेशियाई पासपोर्ट का इस्तेमाल करके ओमान में एंट्री करने का आरोप है। सौरभ मोस्ट वांटेड है इसलिए गिरफ्तारी के बाद भारतीय जांच एजेंसियां (ED और CBI) अब ओमान सरकार के साथ मिलकर उसके प्रत्यर्पण (Extradition) की कानूनी प्रक्रिया को तेज कर रही हैं।
सौरभ चंद्राकर काफी समय से संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में था। उसने ओमान में घुसने के लिए एक नकली इंडोनेशियाई पासपोर्ट का उपयोग किया। ओमानी सुरक्षा एजेंसियों ने पासपोर्ट फर्जी पर जाने पर उसे गिरफ्तार कर लिया। इससे पहले 2024 में भी इंटरपोल के रेड कॉर्नर नोटिस के आधार पर उसे UAE में हिरासत में लिया गया था, लेकिन तब कानूनी पेचीदगियों के कारण वह रिहा हो गया था और वहां से फरार हो गया था।
बता दें कि सौरभ चंद्राकर और उसके साथी रवि उप्पल ने मिलकर दुबई से इस सट्टेबाजी नेटवर्क को खड़ा किया था। ED की चार्जशीट के अनुसार, यह नेटवर्क देश भर में करीब 3,200 सट्टा पैनलों के जरिए रोजाना लगभग 240 करोड़ रुपये का अवैध कारोबार करता था। [1]


