बस्तर में 5 साल बाद आईजी बदले गए… सीनियर आईपीएस बीएन मीणा ने पदभार संभाला… सुंदरराज पी आज-कल में एनआईए के लिए रिलीव होंगे
आईपीएस बद्रीनारायण (बीएन) मीणा ने छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बस्तर रेंज के नए पुलिस महानिरीक्षक (IG) के रूप में कार्यभार संभाल लिया है। इस संवेदनशील क्षेत्र में करीब 5 साल बाद आईजी बदले गए हैं। आईजी मीणा ने पूर्व आईजी सुंदरराज पटलिंगम (पी. सुंदरराज) का स्थान लिया है।वे अब भारत सरकार में डेपुटेशन पर राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) में आईजी की जिम्मेदारी संभालेंगे।
बस्तर की कमान मिलने से पहले बद्रीनारायण मीणा नवा रायपुर स्थित पुलिस मुख्यालय (PHQ) में आईजी (प्रशासन और चयन) के पद पर थे।बीएन मीणा छत्तीसगढ़ कैडर के 2004 बैच के सीनियर आईपीएस अधिकारी हैं। वे साल 2012-13 के दौरान बस्तर के एसपी के रूप में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं। उन्हें 2023 में उत्कृष्ट सेवाओं के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक (PPMDS) से नवाजा जा चुका है। Ips मीणा दुर्ग रेंज के आईजी व एसएसपी रह चुके हैं और राज्य के सबसे अधिक जिलों में एसपी रहने का रिकॉर्ड भी उनके नाम दर्ज है।
बता दें कि बस्तर के पूर्व आईजी सुंदरराज पी पिछले 5 वर्षों से लगातार इस चुनौतीपूर्ण रेंज के आईजी पद पर तैनात थे। कुल मिलाकर उन्होंने बस्तर में अलग-अलग पदों (एएसपी, एसपी, डीआईजी और आईजी) पर 14 साल सेवाएं दीं।



