बिजली बिल समाधान योजना 3 माह बढ़ी… सीएम साय ने सोनपैरी में किया ऐलान… गांववालों को भी लाभ मिले, इसलिए एक्सटेंशन
छत्तीसगढ़ सरकार ने मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना की समय-सीमा को 3 महीने के लिए बढ़ा दिया है। सीएम विष्णुदेव साय ने बिजली उपभोक्ताओं को बड़ी राहत देते हुए इस विस्तार की घोषणा की है। सोनपैरी में मीडिया से बातचीत में सीएम साय ने कहा- मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना का लाभ अभी भी ग्रामीण क्षेत्रों के कई उपभोक्ता नहीं ले पाए हैं। इसलिए ग्रामीणों की मांग पर इस योजना को 3 महीने के लिए बढ़ा रहे हैं, ताकि कोई भी पात्र उपभोक्ता इस योजना के लाभ से वंचित न रहे।
साय सरकार पुराने बकाया बिजली बिलों पर लगने वाले ब्याज और सरचार्ज (विलंब शुल्क) में बड़ी राहत दे रही है। योजना के तहत उपभोक्ता अपने मूल बकाये को आसान किस्तों में जमा कर सकते हैं। यह योजना मुख्य रूप से बीपीएल (BPL), घरेलू (Domestic) और कृषि (Farmers) उपभोक्ताओं के लिए तैयार की गई है। जिन लोगों के कनेक्शन बिल न भरने की वजह से कट गए हैं, वे भी इस योजना से अपना कनेक्शन फिर चालू करवा सकते हैं।
बिजली समाधान के लिए आवेदन कैसे करें?
कोई भी बिजली उपभोक्ता छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड के मोर बिजली मोबाइल ऐप (Mor Bijli App) को डाउनलोड करके पंजीकरण कर सकते हैं। या फिर अपने नजदीकी बिजली विभाग के कार्यालय या शिविर (Camp) में जाकर भी आवेदन कर सकते हैं।



