बसों में लोकेशन ट्रैकिंग डिवाइस पर परिवहन विभाग सख्त… 15 दिन में डिवाइस नहीं लगे या बंद मिले तो कड़ी कार्रवाई

छत्तीसगढ़ परिवहन विभाग ने बसों में व्हीकल लोकेशन ट्रैकिंग डिवाइस (वीएलटीडी) को लेकर अब सख्त रवैया अपना लिया है। परिवहन आयुक्त आईएएस एस प्रकाश और अपर आयुक्त आईपीएस डी रविशंकर ने गुरुवार की शाम प्रदेशभर के बस संचालकों की मीटिंग लेकर उन्हें सरकार की मंशा से अवगत करवा दिया है। आयुक्त एस प्रकाश ने बैठक में कहा के हर वाहन में वीएलटीडी को एक्टिव करने के लिए आज से दिन की टाइम लिमिट दी जा रही है। अब जांच की जाएगी कि किन बसों में यह डिवाइस नहीं लगी है, और जिनमे लगी तो है पर चालू नहीं है। दोनों ही मामलों में संबंधित बसों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। सभी व्हीकल लोकेशंस ट्रैकिंग डिवाइस की मॉनिटरिंग के लिए अलग सिस्टम बनाया जा रहा है। बैठक में अपर परिवहन आयुक्त डी रविशंकर ने कहा कि प्रदेश के सभी जिलों में चरणबद्ध रूप से एएनपीआर कैमरा और आईटीएमएस प्रणाली स्थापित की जा रही है। इनसे वाहनों की सतत निगरानी, नियमों के उल्लंघन की पहचान और प्रभावी प्रवर्तन सुनिश्चित किया जा सके।



